Sirsa Crime News: सिरसा में घर में घुसकर महिला से दुष्कर्म, पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर भेजा जेल
सिरसा में घर में घुसकर महिला से दुष्कर्म के आरोपी को पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। बीएनएस की धाराओं के तहत केस दर्ज कर जांच जारी है।
सिरसा: सिरसा में एक महिला से उसके घर में घुसकर दुष्कर्म का मामला सामने आया है. मामले में पुलिस ने दुष्कर्म के आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया है. दरअसल, पुलिस ने शिकायत के बाद कुछ ही घंटों में आरोपी को गिरफ्तार किया. फिलहाल पुलिस आगे की कार्रवाई कर रही है.
पीड़िता की शिकायत पर दर्ज हुआ मामला: पीड़िता अपने परिजनों के साथ थाने पहुंची, जहां महिला अधिवक्ता और महिला पुलिस कर्मियों की मौजूदगी में उसके बयान दर्ज किए गए.काउंसलिंग भी कराई गई. शिकायत के आधार पर पुलिस ने मेडिकल करवाने के बाद भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी.
पीड़िता ने बताई पूरी घटना: पीड़िता ने अपने बयान में कहा कि, “25 जुलाई 2026 की दोपहर मैं घर पर अकेली सो रही थी. इसी दौरान आरोपी दीवार फांदकर घर में घुस आया और मेरे साथ जबरदस्ती शारीरिक संबंध बनाए. विरोध करने और शोर मचाने पर उसने मुझे जान से मारने की धमकी दी.”
आगे की कार्रवाई में जुटी पुलिस: इस पूरे मामले में सिरसा एसपी दीपक सहारन ने कहा कि, “महिला विरुद्ध अपराधों के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत मामले में तत्परता से कार्रवाई की गई. महत्वपूर्ण सूचना एवं साक्ष्यों के आधार पर आरोपी को गिरफ्तार कर अदालत में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया है. मामले की जांच नियमानुसार जारी है.”