सत्यम पंडित की बढ़ीं मुश्किलें, AAP ने दर्ज कराई शिकायत; न होने पर कोर्ट जाने की चेतावनी
CJP प्रदर्शनकारियों से मारपीट के वायरल वीडियो पर AAP ने सत्यम पंडित के खिलाफ संसद मार्ग थाने में शिकायत दर्ज कराई है। FIR दर्ज न होने पर कोर्ट जाने की चेतावनी दी।
हिंदूवादी नेता सत्यम पंडित की मुश्किलें लगातार बढ़ रही हैं। अब आम आदमी पार्टी (AAP) ने कॉकरोच जनता पार्टी के प्रदर्शन के दौरान कुछ प्रदर्शनकारियों के साथ कथित बदसलूकी, मारपीट और समूहों के बीच नफरत फैलाने के आरोप में सत्यम पंडित के खिलाफ संसद मार्ग थाने में औपचारिक शिकायत दर्ज कराई है। AAP के दिल्ली अध्यक्ष सौरभ भारद्वाज ने चेतावनी दी कि यदि प्राथमिकी दर्ज नहीं की गई तो आम आदमी पार्टी अदालत का रुख करेगी।
वायरल हो गया था वीडियो
बता दें कि सोशल मीडिया पर वायरल हुए कई वीडियो में गाजियाबाद निवासी सत्यम पंडित को प्रदर्शन में शामिल लोगों के साथ कथित तौर पर मारपीट करते हुए देखा गया था। वायरल वीडियो में सत्यम पंडित दो युवा प्रदर्शनकारियों से पूछताछ करता और उनके नाम, पता और धर्म पूछता नजर आ रहा है। वीडियो में दो प्रदर्शनकारियों में से एक को थप्पड़ मारता और गालीगलौज करता नजर आ रहा है।
चेतावनी भी दी
AAP की दिल्ली यूनिट के अध्यक्ष सौरभ भारद्वाज ने एक्स पर एक पोस्ट में कहा कि हमने संसद मार्ग थाने में सत्यम पंडित के खिलाफ औपचारिक शिकायत दर्ज कराई है। CJP प्रदर्शन में शामिल लड़कों से मारपीट के वीडियो वायरल होने के बावजूद दिल्ली पुलिस का औपचारिक शिकायत का इंतजार करना हैरान करने वाला है। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि दिल्ली पुलिस मामले में FIR दर्ज नहीं करती है तो AAP शिकायत के जरिए अदालत का रुख करेगी।
इन नेताओं ने भी बोला था हमला
इससे पहले AAP के राज्यसभा सदस्य संजय सिंह ने भी यूपी पुलिस से सत्यम पंडित के खिलाफ कार्रवाई करने का अनुरोध किया था। यही नहीं समाजवादी पार्टी के नेता अखिलेश यादव ने भी सत्यम पंडित को गिरफ्तार करने की मांग की थी। यही नहीं महुआ मोइत्रा ने सत्यम पंडित को जानवर करार दिया था। उनका कहना था कि सत्यम पंडित को गिरफ्तार किया जाना चाहिए।
गाजियाबाद में भी जांच
हाल ही में गाजियाबाद पुलिस ने सत्यम पंडित के एक बयान को लेकर जांच शुरू की है। एक वायरल वीडियो में सत्यम पंडित ने कहा था कि किसी भी मुस्लिम अधिकारी की कांवड़ यात्रा के दौरान ड्यूटी नहीं लगाई जानी चाहिए।
क्या की थी मांग?
सत्यम पंडित ने कथित तौर पर उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से नंदग्राम के सहायक पुलिस आयुक्त जियाउद्दीन अहमद को कांवड़ यात्रा के दौरान ड्यूटी से हटाने और उनकी जगह एक हिंदू अधिकारी को नियुक्त करने का भी आग्रह किया था। पुलिस उपायुक्त (सिटी/ट्रांस हिंडन) धवल जयसवाल ने बताया कि पुलिस ने वीडियो का संज्ञान लेते हुए उसकी जांच शुरू कर दी है। जांच के नतीजों के अनुसार कार्रवाई की जाएगी।