अंसल वर्सालिया सोसाइटी में खुले में कूड़ा डालने पर बवाल, RWA जॉइंट सेक्रेटरी को लाठियों से पीटा

गुरुग्राम की अंसल वर्सालिया सोसाइटी में खुले में कूड़ा फेंकने का विरोध करने पर RWA जॉइंट सेक्रेटरी पर लाठी-डंडों से हमला किया गया। घटना का वीडियो वायरल होने के बाद पुलिस जांच में जुटी है।

गुड़गांव : खुले में कूड़ा डालने को लेकर शहर की पॉश सोसाइटी में जमकर बवाल हुआ। देर रात अंसल वर्सालिया सोसाइटी के एच ब्लॉक में आरडब्ल्यूए के जॉइंट सैक्रेटरी पर डंडे बरसाए गए। देर रात हुए इस हाई वोल्टेज ड्रामे के बाद लोग घरों से बाहर निकल आए। वहीं, घटना की सूचना पाकर मौके पर पहुंची पुलिस ने मामले को शांत कराया और जांच शुरू कर दी। इस पूरे घटनाक्रम का वीडियो बनाकर लोगों ने सोशल मीडिया पर भी वायरल कर दिया। वीडियो में साफ दिखाई दे रहा है कि किस तरह से लाठी डंडों से एक व्यक्ति को पीटा जा रहा है।

जानकारी के मुताबिक, इस पूरे घटनाक्रम का आरोप स्थानीय पार्षद के पति व उसके साथियों पर लगा है। लोगों की मानें तो अंसल वर्सालिया सोसाइटी आरडब्ल्यूए के जॉइंट सैक्रेटरी प्रयाग और उनकी पत्नी शालिनी गुप्ता के घर के बाहर कुछ लोग कूड़ा फेंक रहे थे। जब इसका उन्होंने विरोध किया तो यह बात आरोपियों काे नागवार गुजरी और उन्होंने गाली गलौज देनी शुरू कर दी। आरोप है कि गाली देने का विरोध करने पर भाजपा नेता ने मारपीट शुरू कर दी। इसके साथ ही उनके साथियों द्वारा उन पर डंडों से हमला किया गया। इतना ही नहीं आरोपियों ने उन्हें दौड़ा-दौड़ा कर पीटा।

वीडियो में साफ दिखाई दे रहा है कि किस तरह से पहले दोनों पक्षों के बीच बहस हो रही है और यह बहस कुछ ही देर में मारपीट में बदल जाती है। बताया जा रहा है कि जिसने मारपीट की शुरूआत की वह भाजपा नेता है। जैसे ही मारपीट शुरू हुई तो भाजपा नेता के साथियों ने आरडब्ल्यूए जॉइंट सैक्रेटरी पर हमला कर दिया और उन्हें बेरहमी से पीटा। शोर सुनकर सोसाइटी में रहने वाले सैकड़ों लोग मौके पर एकत्र हो गए, लेकिन किसी ने भी बीच बचाव की हिम्मत नहीं जुटाई। वहीं, घटना की सूचना मिलते ही पुलिस ईआरवी मौके पर पहुंची और मामले को शांत कराया। मामले में स्थानीय थाना पुलिस को सूचना दे दी गई जिसके बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।

Leave A Reply

Your email address will not be published.