साहिबगंज से पकड़ी गई जैश आतंकी की करीबी छात्रा, SIT की पूछताछ में खुले कई राज

वर्धमान से गिरफ्तार जैश-ए-मोहम्मद के संदिग्ध आतंकी हमीम मंडल और साहिबगंज से उसकी महिला मित्र की गिरफ्तारी के बाद बड़ा खुलासा हुआ है। पाकिस्तानी गैंगस्टर शहजाद भट्टी के इशारे पर दिल्ली में बड़े हमले की साजिश थी।

वर्दवान में गिरफ्तार संदिग्ध आतंकी हमीम मंडल उर्फ हामिद मंडल उर्फ हमीद फुएगो के जरिए पाकिस्तानी गैंगस्टर शहजाद भट्टी दिल्ली में बड़े आतंकी हमले की योजना बना रहा था।यह खुलासा बरहड़वा से गिरफ्तार युवती ने किया है। हालांकि युवती को इस बारे में ज्यादा कुछ जानकारी नहीं थी। युवती का कहना था कि हमीम मंडल उर्फ हामिद मंडल को उसने इस बारे में किसी से बातचीत करते सुना था। पुलिस सूत्रों ने बताया कि ये लोग पाकिस्तानी गैंगस्टर शहजाद भट्टी के इशारे पर भारत में आतंकी हमले करने और कुछ महत्वपूर्ण लोगों को टारगेट की योजना बना रहा था। इस बीच खुफिया इनपुट पर जब हमीम मंडल उर्फ हामिद मंडल के कथित महिला मित्र को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई तो इस नेटवर्क का पता चला। इसके बाद एसआईटी ने हमीम मंडल को पश्चिम बंगाल के वर्दवान से दबोच लिया।

वर्दमान पुलिस ने 31 जुलाई को दर्ज कराया था केस

वर्दवान पुलिस स्टेशन में बीते 31 जुलाई को दर्ज केस में पाकिस्तानी हैंडलर व स्थानीय गुर्गों के माध्यम से हथियारों की खरीद, संरक्षित लोगों व महत्वपूर्ण प्रतिष्ठानों से संबंधित खुफिया जानकारी संग्रह, गणमान्य लोगों का अपहरण, हत्या और सार्वजनिक व्यवस्था और राष्ट्रीय सुरक्षा को खतरे में डालने के इरादे से किए गए अन्य कृत्यों समेत गंभीर अपराधों की तैयारी शामिल होने की बात कही गई है।

साहिबगंज में जैश के संदिग्ध आतंकी की करीबी गिरफ्तार

साहिबगंज, प्रतिनिधि। पश्चिम बंगाल के वर्दवान में गिरफ्तार जैश-ए-मोहम्मद के संदिग्ध आतंकी हमीम मंडल उर्फ हामिद मंडल उर्फ हमीद फुएगो की करीबी युवती को एसआईटी ने साहिबगंज के बरहड़वा से गिरफ्तार किया है। युवती साहिबगंज के कॉलेज में स्नातक की छात्रा है। आरोप है कि सोशल मीडिया के जरिए करीब चार साल पहले युवती का संपर्क हमीम मंडल से हुआ था। बाद में दोनों में अच्छी दोस्ती हो गई और इस दौरान कई बार आपस में मिलना-जुलना हुआ।

पश्चिम बंगाल एसआईटी युवती को अपने साथ वर्दवान ले गई है। एसआईटी ने युवती की गिरफ्तारी बरहड़वा थाने की पुलिस के सहयोग से किया है। एक वरीय पुलिस अधिकारी ने बताया कि प्रारंभिक पूछताछ में गिरफ्तार युवती ने संदिग्ध आतंकी हमीम मंडल से जुड़े नेटवर्क के बारे में कई खुलासे किए हैं। एसआईटी के एक पदाधिकारी ने नाम नहीं छापने की शर्त पर बताया कि आईएसआई एजेंटों के माध्यमों से देश विरोधी तत्वों के साथ मिलकर सीमा पार से आपराधिक और जासूसी नेटवर्क चलाने के मामले में वर्दवान पुलिस स्टेशन में बीते 31 जुलाई को केस दर्ज किया गया है।

Leave A Reply

Your email address will not be published.