गाजियाबाद में दर्दनाक हादसे: सड़क दुर्घटना में युवक की मौत, शिविर में दो कांवड़ियों को सांप ने डसा

गाजियाबाद में एनएच-9 पर रोडवेज बस की टक्कर के बाद डंपर की चपेट में आने से कांवड़िये दीपांशु की मौत हो गई। वहीं मुरादनगर शिविर में दो कांवड़ियों को सांप ने डस लिया।

गाजियाबाद के इंदिरापुरम थाना क्षेत्र में एनएच-9 पर छिजारसी कट के पास कांवड़ लेने हरिद्वार जा रहे बाइक सवार दो युवकों को रोडवेज बस ने टक्कर मार दी। इससे दोनों हाईवे पर गिर गए और इसी समय पीछे से आ रहा डंपर एक युवक के ऊपर से गुजर गया। हादसे में उसकी मौके पर ही मौत हो गई, जिसके बाद मौके पर पहुंचे मृतक के परिजनो और लोगों ने जाम लगा दिया। पुलिस अधिकारियों ने लोगों को समझाकर जाम खुलवाया। पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर बस चालक की तलाश शुरू कर दी है।

नोएडा सेक्टर 44 स्थित छलेरा गांव निवासी चमन सिंह का 21 वर्षीय बेटा दीपांशु हरिद्वार से कांवड़ लाने के लिए घर से निकला था। उसके साथ बाइक पर दोस्त चुन्नू भी था। चमन ने बताया कि दोनों घर से निकले ही थे कि एनएच-9 पर छिजारसी कट के सामने पीछे से आ रही एक रोडवेज बस ने बाइक में टक्कर मार दी। इससे दोनों सड़क पर गिर गए। इसी दौरान पीछे से आ रहे तेज रफ्तार डंपर ने दीपांशु को कुचल दिया। हादसे के बाद डंफर चालक और बस चालक दोनों फरार हो गए।

पुलिस ने खुलाया जाम

वहीं हादसे की सूचना मिलते ही मौके पर पहुंचे दीपांशु के परिजनों ने हाईवे पर जाम लगा दिया। सूचना के बाद पहुंचे पुलिसकर्मियों ने लोगों को समझाकर जाम खुलवाकर यातायात सुचारू कराया। सहायक पुलिस आयुक्त (एसीपी) इंदिरापुरम सूर्यबली मौर्य ने बताया कि मृतक का शव पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है। रोडवेज बस के संबंध में विभाग को सूचना दे दी है। मुकदमा दर्ज कर चालकों को तलाश रहे हैं।

सांप ने दो कांवड़ियों को डसा, एक की मौत

वहीं, गाजियाबाद के ही मुरादनगर में डिडौली कांवड़ सेवा शिविर में रविवार देर रात एक सांप ने दो कांवड़ियों को डस लिया। शिविर के सेवादारों द्वारा दोनों को तुरंत इलाज के लिए गाजियाबाद के एमएमजी में लाया गया, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद एक कांवड़िये को मृत घोषित कर दिया। वहीं दूसरे की गंभीर हालत को देखते हुए उसे दिल्ली के लिए रेफर कर दिया गया, जहां उसका इलाज जारी है। राजस्थान में अलवर जिले बहजोड़ गांव के रहने वाले 45वर्षीय संदीप और 65 वर्षीय लाल चंद अपने साथियों के साथ कांवड़ लाने के लिए हरिद्वार गए थे। वापसी में उनका जत्था डिडौली के कांवड़ सेवा शिविर में विश्राम के लिए रुका हुआ था। उनके साथी जय सिंह ने बताया कि रात करीब 1:30 बजे सोते समय संदीप और लाल चंद को सांप ने डस लिया।

Leave A Reply

Your email address will not be published.