किशनगढ़ में चरित्र पर शक के चलते डिलीवरी बॉय ने की पत्नी की हत्या, दोस्त ने पुलिस को बुलाया
दिल्ली के मुनिरका (किशनगढ़) में चरित्र पर शक के चलते आरोपी पति अनुराग ने अपनी 20 वर्षीय पत्नी कनिका की हत्या कर दी। शव ठिकाने लगाने की कोशिश में आरोपी अरेस्ट।
दिल्ली के किशनगढ़ इलाके में एक शख्स ने चरित्र को लेकर शक के चलते अपनी पत्नी की हत्या कर दी। आरोपी ने पुलिस से बचने के लिए शव ठिकाने लगाने के लिए अपने परिचितों को बुलाया, जिसने शव को देखकर पुलिस को सूचना दे दी। मामला किशनगढ़ थाना क्षेत्र के मुनिरका का है। मामले की सूचना मिलने पर पहुंची किशनगढ़ थाना पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर आरोपी पति को गिरफ्तार कर लिया है।
साल 2023 में हुई थी शादी
दोनों की साल 2023 में ही शादी हुई थी। अनुराग डिलीवरी ब्वाय का काम करता था। फिलहाल पुलिस आरोपी से पूछताछ कर रही है। पुलिस उपायुक्त अमित गोयल ने बताया कि मृतका 20 वर्षीय कनिका अपने पति अनुराग के साथ मुनिरका इलाके में रहती थी। कनिका का मायका भी मुनिरका में ही है।
फोन पर दी वारदात की जानकारी
पुलिस उपायुक्त ने बताया कि दो अगस्त को पीसीआर काल पर सूचना मिली कि एक व्यक्ति ने अपनी पत्नी की हत्या कर दी है और शव को ठिकाने लगाने में मदद के लिए किसी को बुला रहा है। टीम मुनिरका की पाल डेयरी पहुंची, जहां शिकायतकर्ता मौजूद मिला। उसकी निशानदेही पर पुलिस ने आरोपी अनुराग को उसके घर के बाहर से पकड़ लिया।
दोस्त को फोन पर बुलाया, खून से लथपथ पड़ी थी पत्नी
शिकायतकर्ता ने बताया कि एक अगस्त की रात उसे दोस्त और आरोपी अनुराग का फोन आया। अनुराग ने उसे तुरंत अपने घर के पास बुलाया। वहां पहुंचने पर आरोपी ने बताया कि उसने अपनी पत्नी के साथ मारपीट की है। फिर वह उन्हें अपने कमरे में ले गया। दरवाजा खुलने पर देखा कि आरोपी की पत्नी खून से लथपथ पड़ी थी। उसे कई चोटें आई थीं।
शव को ठिकाने लगाने में मांगी मदद
आरोपी ने उसके सामने कबूल किया कि उसने अपनी पत्नी की हत्या कर दी है। वह शव को ठिकाने लगाने में मदद के लिए बार-बार अनुरोध कर रहा था। वह साथ-साथ उनके पाल डेयरी स्थित घर तक आ गया। शिकायतकर्ता ने घर के बाहर ही उसे रोक लिया और छत पर जाकर पुलिस को फोन कर दिया। वहां पहुंचने पर टीम आरोपी व शिकायतकर्ता को लेकर घटनास्थल पर पहुंची।
पति अनुराग गिरफ्तार
बिस्तर पर खून से लथपथ कनिका को सफदरजंग अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित किया। घटनास्थल पर क्राइम टीम और फोरेंसिक टीम पहुंची और अहम साक्ष्य जुटाए। शिकायतकर्ता के बयान, एमएलसी, घटनास्थल की जांच और जांच के दौरान मिले साक्ष्यों के आधार पर किशनगढ़ थाने में एफआइआर दर्ज कर आरोपी पति अनुराग को गिरफ्तार कर लिया गया है।