फुकेट-दिल्ली एयर इंडिया फ्लाइट में टर्बुलेंस, कई यात्री घायल, IGI एयरपोर्ट पर सुरक्षित लैंडिंग
फुकेट से दिल्ली आ रही एयर इंडिया की फ्लाइट AI2379 टर्बुलेंस (हवा के झटकों) में फंस गई, जिससे कई यात्री व क्रू मेंबर्स घायल हो गए। विमान की आईजीआई एयरपोर्ट पर सेफ लैंडिंग हुई।
फुकेट से दिल्ली आ रही एयर इंडिया की फ्लाइट टर्बुलेन्स में फंसने से कई यात्री घायल और क्रू में मेंबर मामूली रूप से घायल हो गए। इस विमान की मंगलवार सुबह 8:30 पर दिल्ली के आईजीआई एयरपोर्ट पर सुरक्षित लैंडिंग कराई गई। घायल यात्रियों को गुरुग्राम के मेदांता और वसंत कुंज स्थित फोर्टिस अस्पताल और स्पाइन इंजुरी सेंटर ले जाया गया है। एयर इंडिया ने इस घटना की पुष्टि की है।
घटना के बाद दिल्ली एयरपोर्ट से सामने आए एक वीडियो में घायल यात्रियों और क्रू मेंबर्स को व्हीलचेयर पर लाते हुए और एम्बुलेंस में ले जाते हुए देखा गया। वीडियो में यात्रियों के आंख,हाथ और गर्दन पर लगी चोटों पर बंधी पट्टी साफ देखी जा सकती हैं। हालांकि, घायल लोगों की सही संख्या अब तक पता नहीं चल सकी है।
विमान में 100 से ज्यादा लोग सवार थे : यात्री का दावा
एक यात्री ने एएनई से बात करते हुए बताया कि सुबह का समय था और फ्लाइट को उड़े हुए डेढ़ घंटा हो गया था। हम फ्लाइट के अंदर सो ही रहे थे कि तभी चलते-चलते फ्लाइट अचानक रुकी और एकदम पीछे की तरह घूम गई। 2-3 मिनट तक यह ऐसे ही चलती रही। 15-20 यात्री घायल हो गए। उन्होंने कहा कि सही नंबर तो पता नहीं, लेकिन फ्लाइट में 100 से ज्यादा लोग सवार थे। इनमें से 70 से 80% लोग घायल हो गए। एमएलसी कराई जा रही है, हम एयर इंडिया के खिलाफ जरूर कार्रवाई करेंगे।
घटना पर एयर इंडिया ने क्या कहा?
एयर इंडिया के प्रवक्ता ने बताया कि 4 अगस्त को फुकेट से दिल्ली आ रही फ्लाइट AI2379 को उड़ान के दौरान थोड़ी देर के लिए टर्बुलेंस (हवा के झटकों) का सामना करना पड़ा। इसके चलते उड़ते हुए विमान की ऊंचाई में अचानक थोड़ा बदलाव आया। इसके बाद पायलट ने विमान की दिल्ली में सेफ लैंडिंग कराई। सभी यात्री व क्रू सदस्य सुरक्षित बाहर आ गए हैं। अभी तक किसी को गंभीर चोट नहीं आई है।
प्रवक्ता ने बताया कि कुछ यात्रियों और क्रू मेंबर्स को मामूली चोटें आई हैं, उन्हें एहतियातन जांच और इलाज के लिए एयर इंडिया की एयरपोर्ट टीम और मेडिकल स्टाफ द्वारा एयरपोर्ट पर ही मेडिकल सुविधा केंद्र ले जाया गया है।
प्रवक्ता ने यह भी कहा कि यात्रियों और क्रू मेंबर्स की सुरक्षा एयर इंडिया की सबसे पहली प्राथमिकता है। हम प्रभावित लोगों को हर जरूरी मदद दे रहे हैं और जांच के सिलसिले में संबंधित अधिकारियों के साथ पूरा सहयोग कर रहे हैं।