E20 पेट्रोल के खिलाफ पीएम आवास मार्च पर निकले केजरीवाल, पुलिस ने रास्ते में रोका
E20 पेट्रोल के खिलाफ पीएम आवास मार्च पर निकले आम आदमी पार्टी के संयोजक अरविंद केजरीवाल को पुलिस ने रोका। केजरीवाल वरिष्ठ नेताओं के साथ धरने पर बैठे।
दिल्ली के पूर्व मुख्यमंत्री और आम आदमी पार्टी के मुखिया अरविंद केजरीवाल ने 20 फीसदी इथेनॉल मिलावट वाले पेट्रोल (E20) के खिलाफ अपने अभियान के तहत मंगलवार को प्रधानमंत्री आवास की ओर मार्च पर निकल पड़े। हालांकि, ‘आप’ मुख्यालय से कुछ दूर चलने के बाद ही रोक दिए गए केजरीवाल मनीष सिसोदिया और संजय सिंह जैसे वरिष्ठ नेताओं के साथ धरने पर बैठ गए। उन्होंने अपने साथ ऑनलाइन हस्ताक्षर कराए गए चिट्ठियों का ढेर भी रखा, जिसे बाद में पुलिस को सौंपकर मार्च समाप्त किया। केजरीवाल ने कहा कि E20 के खिलाफ नीट पेपर लीक से भी बड़ा आंदोलन करना पड़ेगा। पूर्व सीएम ने रास्ते में रोके जाने पर कहा कि उनके पास गोला-बारूद नहीं है और ना ही वे आतंकवादी हैं, फिर भी इतनी बड़ी संख्या में पुलिस को लगाकर रोका गया है।
पंडित रविशंकर शुक्ल लेन से निकले अरविंद केजरीवाल और उनकी टीम को पुलिस ने फिरोजशाह रोड पर रोक दिया। यहां केजरीवाल करीब आधे घंटे तक सड़क पर बैठे रहे। बाद में उन्होंने पत्रकारों से बातचीत में कहा कि ट्रंप के दबाव में मोदी जी अमेरिका से इथनॉल खरीद रहे हैं। अमेरिका दुनिया में सबसे ज्यादा इथेनॉल बना रहा है, लेकिन इस्तेमाल नहीं कर पा रहा है। उसे नालियों में इथेनॉल बहाना पड़ता है। केजरीवाल ने कहा, ‘पिछले साल ट्रंप ने मोदी जी पर दबाव डाला, उनका हाथ मरोड़ा। मोदी जी झुके नहीं, लेट गए हैं ट्रंप के सामने। मोदी जी पर दबाव डाला कि हमारा इथेनॉल खरीदा। प्रधानमंत्री ने पिछले साल अमेरिका से एक अरब लीटर इथेनॉल खरीदा और इस साल ढाई मिलियन डॉलर्स का खरीदा जाएगा। अमेरिका से कचरा खरीदकर हमारी गाड़ियों में ठूसा जा रहा है और हमारी गाड़ियां खराब हो रही हैं।’
पूरे देश को दबाव डालना पड़ेगा, हम आतंकवादी नहीं: केजरीवाल
पूर्व सीएम ने कहा कि पत्रकार उनसे पूछ रहे हैं कि क्या वह आंदोलन करेंगे? उन्होंने नीट से भी बड़े आंदोलन की अपील करते हुए कहा, ‘केवल केजरीवाल के आंदोलन करने से कुछ नहीं होगा। नीट पेपर लीक से भी बड़ा आंदोलन करना पड़ेगा क्योंकि यहां ट्रंप का दबाव है। ट्रंप के दबाव के आगे मोदी जी बेबस हो जाते हैं। जब तक पूरा देश दबाव नहीं डालेगा वह नहीं मानेंगे। हमने पीएम से मुलाकात का समय मांगा था, जवाब नहीं मिला। आज हम 100 लोग मुलाकात के लिए निकले थे। हमारे हाथों में पीटिशन है, कोई गोला कोई गोला बारूद नहीं है किसी के हाथ, हम कोई आतंकवादी नहीं हैं… फिर भी इतनी पुलिस लगाकर रोक दिया गया।’ केजरीवाल ने कहा कि एक दिन पूरा देश आएगा किस-किस को रोका जाएगा।