नेशनल हाईवे 44 पर चेकिंग के दौरान डायल 112 इंचार्ज हेड कांस्टेबल की सड़क हादसे में मौत
सोनीपत में NH-44 पर वाहन चेकिंग के दौरान डायल 112 इंचार्ज हेड कांस्टेबल देवी दयाल को तेज रफ्तार कार ने कुचला। पुलिस ने केस दर्ज कर जांच शुरू की।
सोनीपत : सोनीपत में एक बार फिर तेज रफ्तार का कहर देखने को मिला। नेशनल हाईवे 44 पर ड्यूटी के दौरान कुंडली थाने में तैनात डायल 112 इंचार्ज हेड कांस्टेबल देवी दयाल की दर्दनाक मौत हो गई। हादसा देर रात नाथूपुर के पास उस समय हुआ, जब हेड कांस्टेबल वाहन चेकिंग के लिए सड़क पर उतरे थे। इसी दौरान तेज रफ्तार से आई एक ब्रेजा कार ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी। हादसे के बाद चालक मौके से फरार हो गया। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
मिली जानकारी के अनुसार, देर रात नेशनल हाईवे 44 पर नाथूपुर के पास पुलिस वाहन चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान कुंडली थाने में तैनात डायल 112 इंचार्ज हेड कांस्टेबल देवी दयाल चेकिंग के लिए सड़क पर उतरे। तभी तेज रफ्तार से आई एक ब्रेजा कार ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी।टक्कर इतनी भीषण थी कि हेड कांस्टेबल देवी दयाल की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद कार चालक मौके से फरार हो गया।
हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस के आला अधिकारी मौके पर पहुंचे और जांच शुरू की। कुंडली थाना पुलिस ने अज्ञात चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। मृतक के शव को पोस्टमार्टम के लिए सोनीपत नागरिक अस्पताल भेजा गया है। हेड कांस्टेबल देवी दयाल अपने पीछे पत्नी और चार बच्चों को छोड़ गए हैं। उनकी अचानक हुई मौत से पुलिस विभाग में शोक की लहर है। कुंडली थाना पुलिस फरार चालक की तलाश में जुटी है और हादसे के हर पहलू की गंभीरता से जांच कर रही है।