गाजियाबाद के अर्थला में रील बनाने गए किशोर की गोली मारकर हत्या, परिजनों का आरोप

गाजियाबाद के साहिबाबाद (अर्थला) में निर्माणाधीन साइट पर गनमैन ने 17 वर्षीय समीर की गोली मारकर हत्या कर दी। पुलिस ने आरोपी गनमैन को हिरासत में लिया।

गाजियाबाद के साहिबाबाद थानाक्षेत्र के अर्थला में निर्माणाधीन साइट पर रविवार सुबह गनमैन ने 17 साल के नाबालिग की गोली मारकर हत्या कर दी। घटना नीलमणी कॉलोनी के पास पार्श्वनाथ की निर्माणाधीन साइट पर करीब 11:30 बजे हुई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने गनमैन को हिरासत में ले लिया।

नीलमणी कॉलोनी निवासी समीर रविवार सुबह निर्माणाधीन साइट पर गया था। परिजनों के अनुसार समीर वहां रील बनाने के लिए गया था। इसी दौरान साइट पर तैनात गनमैन विवेक यादव से उसका विवाद हो गया। परिजनों का आरोप है कि विवाद के बाद गनमैन ने समीर को गोली मार दी। गोली लगने के बाद समीर को अस्पताल ले जाया गया, जहां उसकी मौत हो गई।

आरोपी ने कहा- नाबालिग लोहा चोरी करता था

वहीं गनमैन को पुलिस ने हिरासत में ले लिया है। आरोपी का कहना है कि समीर लोहा चोरी करके भाग रहा था। उसने पुलिस को बताया कि समीर साइट से लोहा चोरी करता था। रविवार सुबह भी वह लोहा चोरी कर भाग रहा था। उसे देखकर ही गोली चलाई, जो समीर को लग गई। पुलिस घटना की जांच कर रही है। पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि किशोर निर्माणाधीन साइट पर क्यों गया था और किन परिस्थितियों में गनमैन ने गोली चलाई।

वहीं परिजनों का कहना है कि समीर साइट पर रील बनाने गया था और उसका गनमैन से विवाद हुआ था। वहीं गनमैन ने उस पर लोहा चोरी करने का आरोप लगाया है। सहायक पुलिस आयुक्त साहिबाबाद अमित सक्सेना ने बताया कि गनमैन को हिरासत में ले लिया है। जांच कर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

Leave A Reply

Your email address will not be published.