भिवानी के सागवान गांव में ओवरफ्लो होकर टूटी ड्रेन, फसलों में भरा पानी, ग्रामीणों में दहशत

भिवानी के गांव सागवान के पास रविवार को ड्रेन ओवरफ्लो होकर टूट गई, जिससे फसलों में पानी भर गया। प्रशासन ने जेसीबी से 3 घंटे में ड्रेन को पाटा।

भिवानी। गांव सागवान के समीप रविवार को ड्रेन ओवरफ्लो होने के कारण सुबह नौ बजे टूट गई। इससे आसपास खड़ी फसल पानी में डूब गई। ड्रेन टूटने की सूचना मिलते ही किसान मौके पर पहुंचे और प्रशासन को जानकारी दी। इसके बाद प्रशासनिक टीम मौके पर पहुंची और जेसीबी की मदद से करीब तीन घंटे बाद 12 बजे ड्रेन को पाट दिया।

किसानों ने बताया कि अभी तेज बारिश भी नहीं हुई है इसके बावजूद ड्रेन ओवरफ्लो होकर टूटने लगी है। उन्होंने प्रशासन से ड्रेन की समस्या का स्थायी समाधान कराने की मांग की है। एसडीएम संदीप कुमार ने बताया कि ड्रेन का मौके पर निरीक्षण किया गया है। जहां से ड्रेन ओवरफ्लो हुई थी उस हिस्से को बांध दिया गया है। उन्होंने कहा कि ड्रेन की लगातार निगरानी की जाएगी और ग्रामीणों व किसानों को किसी प्रकार की समस्या नहीं आने दी जाएगी।
पिछले मानसून में भी हुआ था जलभराव
पिछला मानसून सीजन गांव सागवान के लिए बेहद भारी रहा था। गांव में घरों के अंदर पांच से छह फीट तक पानी भर गया था और लगभग पूरा गांव बाढ़ की चपेट में आ गया था। हालात बिगड़ने पर ग्रामीणों को पलायन करना पड़ा था। बाढ़ से प्रभावित कई ग्रामीण तोशाम आकर रहने लगे थे जिनकी अभी तक गांव में वापसी नहीं हुई है। ऐसे में ड्रेन के ओवरफ्लो होने से ग्रामीणों की चिंता बढ़ गई है।
Leave A Reply

Your email address will not be published.