नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट के पास 189 एकड़ में मेडिकल हब की तैयारी, जानिए यीडा का पूरा प्लान

यमुना एक्सप्रेसवे प्राधिकरण (YEIDA) यमुना सिटी के सेक्टर-13 और 14 में 189 एकड़ में मेडिकल हब बनाएगा। 5 मेडिकल संस्थानों के साथ मिलेंगे रोजगार के बड़े अवसर।

यमुना एक्सप्रेसवे औद्योगिक विकास प्राधिकरण (यीडा) ग्रेटर नोएडा की यमुना सिटी के सेक्टर-13 और 14 में लगभग 189 एकड़ जमीन पर एक बड़ा मेडिकल हब विकसित करने की तैयारी कर रहा है। इस परियोजना के तहत कई बड़े मेडिकल संस्थान स्थापित किए जाएंगे। इसका सीधा लाभ स्थानीय और आसपास के ग्रामीण एवं शहरी क्षेत्रों के लोगों को होगा। यही नहीं इस पहल से मेडिकल एजुकेशन, नर्सिंग और पैरामेडिकल क्षेत्र में रोजगार के नए अवसर पैदा होंगे।

जमीन की तलाश

यमुना एक्सप्रेसवे औद्योगिक विकास प्राधिकरण (यीडा) के एक अधिकारी ने बताया कि मेडिकल हब को दो सेक्टरों में बसाया जाएगा। इसके लिए सेक्टर-13 व 14 का चयन किया जा चुका, जबकि परियोजना को धरातल पर उतारने के लिए भूमि तलाशी जा रही है।

189 एकड़ में विकसित होगा मेडिकल हब

यह परियोजना कुल 189 एकड़ में विकसित होगी। इस परियोजना में बड़े मेडिकल संस्थान विकसित किए जाएंगे, सभी गतिविधियां संस्थागत होगी, ताकि मेडिकल शिक्षा से जुड़े नए अवसर बढ़ सके। बताया कि एयरपोर्ट शुरू होने के बाद शहर में बसावट तेज करने के प्रयास किए जा रहे हैं।

बनेंगे 5 मेडिकल संस्थान

लोगों की सुविधा को ध्यान में रखकर मेडिकल कॉलेज की स्थापना की तैयारी है। इस क्षेत्र में करीब पांच मेडिकल संस्थान विकसित हो सकेंगे। इस परियोजना से यमुना सिटी के अलावा आसपास के ग्रामीण व शहरी क्षेत्रों के लोगों को भी बेहतर स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ मिलने की उम्मीद है।

रोजगार के अवसर भी बढ़ेंगे

मेडिकल हब विकसित होने से नोएडा, ग्रेनो, यमुना सिटी व आसपास के क्षेत्रों के लोगों को बेहतर और आधुनिक स्वास्थ्य सुविधाएं मिल सकेंगी। गंभीर बीमारियों के इलाज के लिए मरीजों को दिल्ली-एनसीआर के दूसरे शहरों का रुख कम करना पड़ेगा। मेडिकल कॉलेज शुरू होने से चिकित्सा शिक्षा के साथ डॉक्टर, नर्सिंग, पैरामेडिकल व अन्य क्षेत्रों में रोजगार के अवसर भी बढ़ेंगे।

एमडीपी भी विकसित हो रहा

यमुना सिटी के सेक्टर-28 में मेडिकल डिवाइस पार्क भी विकसित किया जा रहा है। यहां पर सिर्फ मेडिकल उपकरण बनाने वाली कंपनियों को भूमि का आवंटन किया जाएगा। अबतक सौ से अधिक भूखंड आवंटित हो चुके हैं और मौके पर एक कंपनी ने रक्त से जुड़े उपकरणों का उत्पादन भी शुरू कर दिया है।

जल्द शुरू होगी प्रक्रिया

यीडा के सीईओ आरके सिंह ने कहा कि यमुना सिटी के सेक्टर-13 व 14 को मेडिकल हब बनाने की तैयारी है। इसके लिए भूमि चिह्नित की जा रही है। जल्द ही भूमि का चयन कर परियोजना को धरातल पर उतारने की प्रक्रिया भी शुरू कर दी जाएगी।

Leave A Reply

Your email address will not be published.