Ghaziabad News: शादी का झांसा देकर युवती से संबंध बनाने वाला दरोगा निलंबित, पीड़िता की शिकायत पर FIR दर्ज
खोड़ा थाने में तैनात दरोगा पर युवती ने शादी का झांसा देकर संबंध बनाने का आरोप लगाया। मुकदमा दर्ज, आरोपी दरोगा सस्पेंड।
गाजियाबाद के खोड़ा थाने में तैनात दरोगा पर एक युवती ने शादी का झांसा देकर संबंध बनाने का आरोप लगाया है। पीड़िता की शिकायत पर पुलिस ने अंकुर विहार थाने में मुकदमा दर्ज किया है। आरोपी दरोगा फरार है, जिसे निलंबित कर दिया है। पुलिस ने उसकी तलाश शुरू कर दी है। दिल्ली की एक कॉलोनी में रहने वाली युवती बीते साल अंकुर विहार थाने में किसी काम से आई थी। उसने पुलिस को बताया कि एक वर्ष पहले उसकी मुलाकात दरोगा अंकित कटियार से हुई थी। उस समय वह अंकुर विहार थाने में तैनात था। बातचीत के दौरान दोनों में नजदीकी बढ़ने लगी। इसी दौरान अंकित ने युवती से शादी करने की बात कही। पीड़िता ने भी हामी भर दी। इसके बाद नवंबर 2025 में वह उसे अंकुर विहार थाना क्षेत्र स्थित एक कमरे पर ले गया।
आरोप है कि यहां दरोगा ने फिर से शादी का वादा किया और संबंध बनाए। कुछ समय बाद दरोगा का ट्रांसफर खोड़ा थाने में हो गया। उसने दरोगा से शादी करने के लिए कहा, लेकिन वह टालमटोल करने लगा। बाद में उसने शादी करने से इनकार कर दिया। इसके बाद युवती ने अंकुर विहार थाने पहुंचकर शिकायत दी। पुलिस ने शिकायत के आधार पर मुकदमा दर्ज कर लिया।
पीड़िता की शिकायत पर अंकुर विहार थाने से दरोगा से संपर्क करने का प्रयास किया, लेकिन बात नहीं हुई। खोड़ा थाने पर पता किया तो वह ड्यूटी पर भी नहीं आया था। इसके बाद दरोगा को निलंबित कर दिया गया। सहायक पुलिस आयुक्त अंकुर विहार अमरदीप मौर्य ने बताया कि युवती की शिकायत पर आरोपी दरोगा के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है। आरोपी दरोगा को उच्चाधिकारियों ने निलंबित कर दिया है। मामले में जांच कर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
शराब तस्करी कर रहे दो आरोपी धरे
ट्रांस हिंडन के टीला मोड़ थाना पुलिस ने लग्जरी कार में शराब तस्करी करने के दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने 25 शराब बरामद कर कार जब्त कर ली है। वहीं, आरोपियों का एक साथी मौके से फरार हो गया। एसीपी शालीमार गार्डन अतुल कुमार सिंह ने बताया कि सोमवार रात पुलिस टीम लोनी-भोपुरा रोड पर गश्त कर रही थी। सूचना पर पुलिस ने चेकिंग शुरू की। इसी बीच एक लग्जरी कार पुलिस को देखकर वापस जाने लगी। पीछा कर कार रुकवाया। इसमें से निकलकर एक आरोपी फरार हो गया, जबकि दो को गिरफ्तार कर लिया। इनकी पहचान अशोकनगर निवासी सुनील और न्यू सीमापुरी निवासी शोएब के रूप में हुई है। तलाशी लेने पर पिछली सीट और डिग्गी से हरियाणा मार्का शराब की पेटियां मिलीं।