कुरुक्षेत्र पहुंचे अभय चौटाला का बड़ा हमला, ‘नायब सैनी सिर्फ नाम के सीएम’

कुरुक्षेत्र में इनेलो नेता अभय चौटाला ने कार्यकर्ताओं की बैठक ली। उन्होंने करनाल हर्ष एनकाउंटर की सीबीआई जांच की मांग की।

कुरुक्षेत्र: इनेलो के वरिष्ठ नेता एवं पूर्व विधायक अभय सिंह चौटाला गुरुवार को कुरुक्षेत्र दौरे पर पहुंचे. यहां उन्होंने ताऊ देवीलाल जयंती समारोह की तैयारियों को लेकर पार्टी कार्यकर्ताओं के साथ एक महत्वपूर्ण बैठक की और जन-जन को इस कार्यक्रम में शामिल होने का न्योता दिया. ​बैठक के बाद मीडिया से बातचीत करते हुए अभय चौटाला ने प्रदेश की भाजपा सरकार पर जमकर निशाना साधा. उन्होंने राज्य की बिगड़ती कानून व्यवस्था, प्रशासनिक कार्यप्रणाली और सामाजिक असंतोष को लेकर सरकार की नीतियों पर कड़े सवाल उठाए.

हर वर्ग सड़कों पर उतरने को मजबूर: ​प्रदेश में लगातार बढ़ते अपराधों पर चिंता जताते हुए अभय चौटाला ने कहा कि, “हरियाणा में कानून व्यवस्था पूरी तरह चरमरा चुकी है. आज राज्य का हर वर्ग चाहे किसान हो, युवा हो या व्यापारी , अपनी मांगों को लेकर सड़कों पर धरने-प्रदर्शन करने को मजबूर है. इससे यह स्पष्ट होता है कि मौजूदा सरकार जनता की मूलभूत समस्याओं का समाधान करने में पूरी तरह विफल साबित हुई है और प्रदेशवासियों का इस सरकार से विश्वास उठ चुका है.”

​नायब सैनी केवल नाम के मुख्यमंत्री: ​मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी पर सीधा हमला बोलते हुए इनेलो नेता ने कहा कि, “प्रदेश में सरकार नायब सैनी नहीं चला रहे, बल्कि आज भी पूर्व मुख्यमंत्री मनोहर लाल का ही बोलबाला है. सरकार की नीतियों से आम आदमी खुद को ठगा हुआ महसूस कर रहा है और आने वाले चुनावों में जनता इस सरकार को करारा जवाब देगी.”

करनाल हर्ष एनकाउंटर मामले की CBI जांच की मांग: ​करनाल में हुए चर्चित हर्ष एनकाउंटर मामले पर अपनी प्रतिक्रिया देते हुए अभय चौटाला ने इस पूरे प्रकरण की सीबीआई जांच कराने की मांग उठाई. उन्होंने कहा कि, “इस घटना के बाद से रोड समाज सहित अन्य समाजों में सरकार के प्रति भारी रोष पनप रहा है. निष्पक्ष जांच न होने के कारण जनता का भरोसा मौजूदा प्रशासनिक और पुलिस व्यवस्था से पूरी तरह खत्म हो चुका है.”

Leave A Reply

Your email address will not be published.