करनाल में सरकार पर गरजे रणदीप सुरजेवाला, हांसी लाठीचार्ज और बेरोजगारी पर CM सैनी को घेरा

करनाल में एकता दिवस कार्यक्रम में कांग्रेस सांसद रणदीप सुरजेवाला ने CM नायब सैनी और भाजपा सरकार पर साधा निशाना।

करनाल: कांग्रेस के राष्ट्रीय महासचिव एवं राज्यसभा सांसद रणदीप सिंह सुरजेवाला ने रविवार को करनाल के गगसीना गांव में आयोजित एकता दिवस कार्यक्रम में प्रदेश की भाजपा सरकार पर तीखे प्रहार किए. सुरजेवाला ने हांसी में 15 अगस्त को किसानों पर हुई पुलिस कार्रवाई, युवाओं पर बल प्रयोग, हरियाणवी संस्कृति के अपमान और दलित वर्ग से जुड़े मुद्दों को लेकर मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी और भाजपा नेतृत्व को आड़े हाथों लिया.

मुख्यमंत्री को नसीहत और सीधी चेतावनी: सुरजेवाला ने मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी को चेतावनी देते हुए कहा कि, “सरकार को अपना अहंकार छोड़कर धरातल पर आना होगा. यदि मुख्यमंत्री को हेलीकॉप्टर से उतरने और चुटकुले सुनाने से फुर्सत नहीं मिली, तो हरियाणा की जनता वह दिन दूर नहीं जब उन्हें अर्श से फर्श पर ले आएगी.”

​हांसी घटनाक्रम पर बोले सुरजेवाला: वहीं, हांसी में स्वतंत्रता दिवस के दिन किसानों और प्रदर्शनकारियों पर हुई कार्रवाई का जिक्र करते हुए सुरजेवाला ने कहा कि, “झंडा फहराने पहुंचे मुख्यमंत्री को जीवन कुंडू हत्याकांड के पीड़ित परिवार से बातचीत करनी चाहिए थी.​जिस परिवार का सदस्य मारा गया हो, उसका रोष और गुस्सा स्वाभाविक है.​मुख्यमंत्री को अभिभावक बनकर उनकी बात सुननी चाहिए थी, न कि पुलिस से लाठियां और आंसू गैस चलवानी चाहिए थी.”

युवाओं के आंदोलनों और रोजगार पर घेरा: देश में युवाओं के आंदोलनों पर बात करते हुए सुरजेवाला ने कहा कि, “आज का युवा परेशान और विचलित है. शिक्षा, हुनर और काबिलियत होने के बावजूद युवाओं को न्याय और रोजगार के अवसर नहीं मिल रहे हैं. अपने अधिकारों की मांग करने पर सरकार बातचीत के बजाय उन पर आंसू गैस और बल प्रयोग करती है. उन्होंने सवाल किया कि आखिर अपने हक मांगने वाले युवाओं का कसूर क्या है?”

​हरियाणवी संस्कृति का अपमान बर्दाश्त नहीं: भाजपा प्रदेश अध्यक्ष द्वारा पहनावे को लेकर दी गई टिप्पणियों पर आपत्ति जताते हुए सुरजेवाला ने कहा कि, “कुर्ता-पायजामा, पगड़ी और खंडा हरियाणा की गौरवशाली संस्कृति और बुजुर्गों की शान हैं. किसानों और प्रदेश की सांस्कृतिक पहचान का किसी भी कीमत पर अपमान स्वीकार नहीं किया जाएगा.”

​राव इंद्रजीत सिंह का अपमान: केंद्रीय मंत्री और वरिष्ठ नेता राव इंद्रजीत सिंह को मंच पर उचित स्थान न दिए जाने के विवाद पर सुरजेवाला ने कहा कि, “जब भाजपा अपने ही वरिष्ठ नेता को सम्मान नहीं दे सकती, तो आम हरियाणवी के लिए उनके मन में क्या जगह होगी.”

छुआछूत की मानसिकता पर प्रहार: उत्तराखंड के हल्द्वानी में कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे के कार्यक्रम के बाद स्थल को धोए जाने की घटना का जिक्र करते हुए उन्होंने इसे छुआछूत की मानसिकता का प्रतीक बताया. सुरजेवाला ने दलित, पिछड़े और शोषित वर्गों से एकजुट होकर इस मानसिकता के खिलाफ खड़े होने की अपील की.

Leave A Reply

Your email address will not be published.