रेवाड़ी में स्कूल वैन ने 10 साल की मासूम को मारी टक्कर, 50 मीटर तक घसीटा, हालत गंभीर
रेवाड़ी में स्कूल वैन ने 5वीं की छात्रा को टक्कर मारकर 50 मीटर तक घसीटा। वैन चालक, संचालक और प्रिंसिपल पर मामला दर्ज।
रेवाड़ी : शहर में स्कूल बस के इंतजार में मां के साथ खड़ी पांचवीं कक्षा की 10 वर्षीय छात्रा को तेज रफ्तार स्कूल वैन ने टक्कर मार दी। हादसे के बाद चालक बच्ची को करीब 50 मीटर तक घसीटता हुआ ले गया। बच्ची की मां चिल्लाते हुए वैन के पीछे दौड़ती रही, लेकिन चालक ने वाहन नहीं रोका। बाद में चालक घायल बच्ची को वैन में डालकर एक निजी अस्पताल ले गया। फिलहाल बच्ची का जयपुर के एक निजी अस्पताल में इलाज चल रहा है।
कुंड चौकी पुलिस ने मां की शिकायत पर वैन चालक, स्कूल संचालक और प्राचार्य के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस को दी शिकायत में महिला ने बताया कि वह मूलरूप से गांव पाली की रहने वाली है और वर्तमान में हरजीपुर-नंगली बलिहार रोड के पास बनी ढाणी में परिवार के साथ रहती है। उसकी 10 वर्षीय बेटी पाली स्थित मार्डन स्कूल में पांचवीं कक्षा में पढ़ती है। महिला के अनुसार, 14 अगस्त की सुबह करीब सवा सात बजे वह अपनी बेटी को स्कूल भेजने के लिए कच्चे रास्ते पर दूसरी ढाणी के पास स्कूल वैन का इंतजार कर रही थी। इसी दौरान चिताडूंगरा स्थित क्रैजिब स्कूल की तेज रफ्तार वैन वहां पहुंची और उसकी बेटी को सीधी टक्कर मार दी। टक्कर के बाद बच्ची वैन के साथ करीब 50 मीटर तक घसीटती चली गई।
महिला ने बताया कि वह बेटी को बचाने के लिए चिल्लाते हुए वैन के पीछे दौड़ती रही, लेकिन चालक ने वाहन नहीं रोका और बच्ची को अपने साथ ले गया।।महिला ने स्कूल संचालक को फोन कर घटना की जानकारी दी। इसके बाद उसे पता चला कि उसकी बेटी को रेवाड़ी के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। वह अपने पति के साथ अस्पताल पहुंची, जहां डॉक्टरों ने बच्ची की गंभीर हालत और चोटों को देखते हुए उसे जयपुर के निजी अस्पताल के लिए रेफर कर दिया। वहां बच्ची का उपचार जारी है। महिला ने कुंड चौकी पुलिस को शिकायत देकर वैन चालक के साथ स्कूल संचालक और प्राचार्य के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। पुलिस ने मामला दर्ज कर हादसे के कारणों और पूरे घटनाक्रम की जांच शुरू कर दी है।