मुठभेड़ के बाद मोस्ट वांटेड अपराधी दबोचा, पैर में लगी गोली

मुठभेड़ के बाद मोस्ट वांटेड अपराधी दबोचा, पैर में लगी गोली

न्यूज़ डेस्क हरियाणा। कनीना । सुनील दीक्षित । पुलिस अधीक्षक श्री दीपक कुमार के निर्देशानुसार जिला महेंद्रगढ़ पुलिस द्वारा अपराध नियंत्रण एवं वांछित अपराधियों की धरपकड़ के लिए लगातार प्रभावी कार्रवाई की जा रही है। इसी क्रम में सीआईए महेंद्रगढ़ की टीम की सदर कनीना थाना क्षेत्र में एक मोस्ट वांटेड अपराधी के साथ मुठभेड़ हुई। पुलिस की आत्मरक्षार्थ की गई फायरिंग में आरोपी के पैर में गोली लगी, जिसके बाद पुलिस टीम ने उसे काबू कर लिया।

अतरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री फैजल खान ने बताया कि सीआईए महेंद्रगढ़ की टीम गश्त के दौरान सतनाली मोड़, महेंद्रगढ़ पर मौजूद थी। इसी दौरान पुलिस टीम को सूचना प्राप्त हुई कि हत्या जैसे गंभीर मामलों में मोस्ट वांटेड अपराधी सोमवीर निवासी बाघोत, कनीना बिना नंबर प्लेट की अपाचे मोटरसाइकिल पर सवार होकर दोगड़ा महेंद्रगढ़ की तरफ गया है। उसके पास अवैध हथियार है तथा वह किसी आपराधिक वारदात को अंजाम देने की फिराक में है।

पुलिस टीम ने सूचना को गंभीरता से लेते हुए तत्काल कार्रवाई शुरू की तथा बताए गए मार्ग पर आरोपी की तलाश एवं पीछा करना शुरू किया। साथ ही क्षेत्र में मौजूद अन्य पुलिस टीमों को भी सूचना से अवगत कराया गया।

गांव भालखी की ढाणी के पास पुलिस टीम को बिना नंबर प्लेट की अपाचे मोटरसाइकिल दिखाई दी। पुलिस टीम ने मोटरसाइकिल चालक को रुकने तथा आत्मसमर्पण करने के लिए सायरन बजाकर एवं ऊंची आवाज में चेतावनी दी। हालांकि, मोटरसाइकिल चालक ने पुलिस की चेतावनी को नजरअंदाज कर दिया।

आरोपी ने अपने पास मौजूद अवैध हथियार से पुलिस पार्टी पर फायर कर दिया। फायरिंग के दौरान गोली पुलिस वाहन के साइड ग्लास पर लगी। गोली चलाने से मोटरसाइकिल असंतुलित होकर गिर गई और आरोपी भी झाड़ियों में जा गिरा।

पुलिस टीम ने आरोपी को काबू करने का प्रयास किया, लेकिन आरोपी दोबारा खड़ा होकर पुलिस पार्टी की ओर जान से मारने की नीयत से फायरिंग करने लगा। आरोपी द्वारा चलाई गई गोली सीआईए इंचार्ज पीएसआई उज्जवल के पास से होकर गुजरी। इसके बाद आरोपी मौके से भागने लगा।

आरोपी द्वारा की जा रही फायरिंग एवं पुलिसकर्मियों की जान को उत्पन्न गंभीर खतरे को देखते हुए पुलिस टीम ने आत्मरक्षा में दो फायर किए, जिनमें से एक गोली आरोपी के पैर में लगी। गोली लगने से आरोपी मौके पर गिर गया। पुलिस टीम ने तत्परता एवं साहस का परिचय देते हुए आरोपी को मौके पर ही काबू कर लिया।

पूछताछ में आरोपी ने अपना नाम सोमवीर निवासी बाघोत, कनीना बताया। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से एक अवैध देसी पिस्टल, आरोपी द्वारा पुलिस पार्टी पर किए गए फायर के दो खाली खोल तथा एक मोबाइल फोन बरामद किया। बरामद अवैध हथियार एवं दोनों खाली खोलों को पुलिस ने नियमानुसार कब्जे में लेकर आगामी कार्रवाई शुरू कर दी है।

गोली लगने के कारण घायल आरोपी को पुलिस सुरक्षा में उपचार के लिए कनीना अस्पताल भेजा गया, जहां से उसको रोहतक पीजीआई रेफर कर दिया गया, जहां पर उसका उपचार करवाया जा रहा है।

पुलिस जांच में सामने आया है कि आरोपी सोमवीर के खिलाफ गंभीर धाराओं के तहत पहले भी छह आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं। इनमें मारपीट, हत्या के प्रयास एवं आर्म्स एक्ट सहित अन्य गंभीर धाराओं से संबंधित मामले शामिल हैं। आरोपी काफी समय से आपराधिक गतिविधियों में संलिप्त रहा है तथा हत्या के प्रयास के मामले में वांछित होने के चलते काफी समय से फरार चल रहा था। पुलिस द्वारा आरोपी के आपराधिक रिकॉर्ड की विस्तृत जांच की जा रही है तथा उसके अन्य आपराधिक मामलों के संबंध में भी जानकारी जुटाई जा रही है।

महेंद्रगढ़ पुलिस अपराधियों के विरुद्ध जीरो टॉलरेंस की नीति के तहत लगातार प्रभावी कार्रवाई कर रही है। गंभीर अपराधों में संलिप्त एवं वांछित अपराधियों के विरुद्ध कानून के अनुसार सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।

Leave A Reply

Your email address will not be published.