यूपी में PRD जवानों का दैनिक भत्ता बढ़कर हुआ ₹600, सीएम योगी ने कैशलेस इलाज का भी किया ऐलान

सीएम योगी आदित्यनाथ ने PRD जवानों का दैनिक भत्ता ₹500 से बढ़ाकर ₹600 कर दिया है। इसके साथ ही ₹5 लाख की कैशलेस चिकित्सा योजना का भी शुभारंभ किया।

उत्तर प्रदेश में प्रांतीय रक्षक दल (PRD) के स्वयंसेवकों के लिए योगी सरकार ने मंगलवार को कई अहम घोषणाएं कीं. मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने गोरखपुर में आयोजित PRD जवानों के सम्मेलन में ड्यूटी भत्ता बढ़ाने, कैशलेस चिकित्सा सुविधा और नए बैरक के निर्माण का ऐलान किया. सबसे बड़ी घोषणा दैनिक ड्यूटी भत्ते को लेकर हुई. अब PRD जवानों को 500 रुपये की जगह 600 रुपये प्रतिदिन ड्यूटी भत्ता मिलेगा. इसके साथ ही जवानों और उनके परिवारों को हर साल 5 लाख रुपये तक मुफ्त कैशलेस इलाज की सुविधा भी मिलेगी.

योगिराज बाबा गंभीरनाथ प्रेक्षागृह में आयोजित सम्मेलन में मुख्यमंत्री ने कहा कि 1948 में गठित PRD के स्वयंसेवकों को लंबे समय तक 250 रुपये प्रतिदिन ड्यूटी भत्ता मिलता था. वर्ष 2019 में इसे बढ़ाकर 375 रुपये किया गया. इसके बाद 2022 में भत्ता 395 रुपये और 2025 में बढ़ाकर 500 रुपये प्रतिदिन किया गया था. अब सरकार ने इसे 100 रुपये बढ़ाकर 600 रुपये प्रतिदिन करने का फैसला किया है. मुख्यमंत्री ने कहा कि PRD के 75 वर्षों के इतिहास में ड्यूटी भत्ता 250 रुपये तक ही पहुंचा था, जबकि पिछले आठ वर्षों में यह 250 से बढ़कर 600 रुपये होने जा रहा है.

31 हजार से ज्यादा जवानों को मिलेगा कैशलेस इलाज

मुख्यमंत्री ने सम्मेलन में मुख्यमंत्री PRD कैशलेस चिकित्सा योजना का शुभारंभ किया. इसके तहत प्रदेश के 31 हजार से अधिक PRD स्वयंसेवकों और उनके परिवार के सदस्यों को सरकारी और सरकार से इम्पैनल्ड अस्पतालों में हर साल 5 लाख रुपये तक मुफ्त कैशलेस इलाज की सुविधा मिलेगी.

सरकार के मुताबिक, परिवार के सदस्यों को शामिल करने पर इस योजना से 1.55 लाख से अधिक लोग लाभान्वित होंगे. मुख्यमंत्री ने कार्यक्रम में PRD स्वयंसेवकों को कैशलेस चिकित्सा सुविधा कार्ड भी वितरित किए.

लखनऊ में 23 करोड़ से बनेगा बहुमंजिला बैरक

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने गोरखपुर से रिमोट का बटन दबाकर लखनऊ में करीब 23 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाले बहुमंजिला PRD बैरक का शिलान्यास भी किया. सरकार का कहना है कि इससे PRD स्वयंसेवकों के लिए बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने में मदद मिलेगी.

सीएम योगी ने कहा कि PRD स्वयंसेवक पुलिस और प्रशासन के सहयोग से कानून-व्यवस्था बनाए रखने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं. आपदा के समय राहत कार्य, महाकुंभ, दीपोत्सव, रंगोत्सव, यातायात संचालन और चुनाव ड्यूटी सहित कई महत्वपूर्ण जिम्मेदारियों में PRD जवानों ने योगदान दिया है. मुख्यमंत्री ने कहा कि 2017 से पहले PRD जवानों को पर्याप्त ड्यूटी नहीं मिलती थी. अब उनकी भूमिका को देखते हुए कई मौकों पर ड्यूटी के लिए जवान कम पड़ रहे हैं.

23 करोड़ से बढ़कर 543 करोड़ हुआ PRD का बजट

सम्मेलन में राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) राजनीतिक पेंशन, सैनिक कल्याण एवं प्रांतीय रक्षक दल डॉ. सोमेंद्र तोमर ने कहा कि PRD जवान शांति, सुरक्षा और जनसेवा का मजबूत आधार हैं. उन्होंने बताया कि 2017 से पहले PRD का बजट करीब 23 करोड़ रुपये था, जो अब बढ़कर 543 करोड़ रुपये हो चुका है.

10 स्वयंसेवकों को मिले कैशलेस चिकित्सा कार्ड

कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने 10 PRD स्वयंसेवकों को कैशलेस चिकित्सा सुविधा कार्ड प्रदान किए. इनमें गोरखपुर के अजय, भीमसेन, धीरेंद्र और उमेश कुमार, लखनऊ की स्नेहलता रावत और अनामिका वर्मा, कुशीनगर की चंदा भारती, मऊ के जय सिंह, चंदौली के मो. शाकिर और वाराणसी के किशन गुप्ता शामिल रहे.

Leave A Reply

Your email address will not be published.