सीएम नायब सैनी के काफिले को रोकने का प्रयास, पूर्व प्रत्याशी नीरज यादव समेत 8 गिरफ्तार

मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के काफिले को रोकने और सुरक्षा में बाधा डालने के आरोप में गुरुग्राम पुलिस ने 8 लोगों को गिरफ्तार किया है।

गुरुग्राम: मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के गुरुग्राम दौरे के दौरान VIP सुरक्षा व्यवस्था में बाधा डालने और उनके काफिले को रोकने का प्रयास करने के मामले में गुरुग्राम पुलिस ने 8 लोगों को गिरफ्तार किया है. पुलिस के अनुसार, प्रदर्शनकारियों ने निर्धारित सुरक्षा व्यवस्था और पुलिस के निर्देशों की अवहेलना करते हुए मुख्यमंत्री के काफिले के सामने पहुंचकर उसे रोकने का प्रयास किया.

पुलिसकर्मियों से धक्का-मुक्की का आरोप: गुरुग्राम पुलिस के मुताबिक, प्रदर्शनकारियों को रोकने और समझाने का प्रयास किया गया, लेकिन इस दौरान पुलिसकर्मियों के साथ धक्का-मुक्की की गई. इससे मौके पर कानून-व्यवस्था और मुख्यमंत्री की सुरक्षा व्यवस्था प्रभावित होने की स्थिति पैदा हुई. मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने तत्काल कार्रवाई की.

सिविल लाइंस थाने में केस दर्ज: पुलिस प्रवक्ता संदीप ने बताया कि “घटना को लेकर गुरुग्राम के सिविल लाइंस थाने में BNS की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है. पुलिस ने कार्रवाई करते हुए मामले में शामिल 8 आरोपियों को गिरफ्तार किया है. गिरफ्तार आरोपियों में मानेसर से कांग्रेस की टिकट पर मेयर का चुनाव लड़ चुके नीरज यादव भी शामिल हैं. पुलिस के अनुसार गिरफ्तार किए गए अन्य आरोपियों की पहचान शिव निवासी घटोला, निखिल निवासी भिवानी, अनुज निवासी कन्हई, हरकेश निवासी फिरोज गांधी कॉलोनी, अमन निवासी पटौदी चौक/मनोहर नगर, राजीव यादव निवासी कृष्णा नगर और हरेन्द्र निवासी तावडू, जिला मेवात के रूप में हुई है.”

कांग्रेस के दो जिला अध्यक्ष अभी पुलिस की गिरफ्त से बाहर: पुलिस प्रवक्ता संदीप ने बताया “प्रदर्शन में कांग्रेस के शहरी जिला अध्यक्ष पंकज डावर और ग्रामीण जिला अध्यक्ष वर्धन यादव भी शामिल हुए थे. दोनों फिलहाल पुलिस की गिरफ्त से बाहर हैं. गुरुग्राम पुलिस दोनों जिला अध्यक्षों को भी गिरफ्तार करने के प्रयास में जुटी है. लोकतांत्रिक तरीके से शांतिपूर्ण प्रदर्शन करना नागरिकों का अधिकार है, लेकिन VIP सुरक्षा, सरकारी ड्यूटी और कानून-व्यवस्था में बाधा डालने की अनुमति किसी को नहीं दी जा सकती. मामले में पुलिस आगे की कानूनी कार्रवाई कर रही है.”

Leave A Reply

Your email address will not be published.