गाजियाबाद में लॉन्च होगी हरनंदीपुरम आवासीय योजना, पहले चरण के लेआउट को GDA बोर्ड की हरी झंडी
गाजियाबाद विकास प्राधिकरण की 173वीं बोर्ड बैठक में हरनंदीपुरम योजना के पहले चरण और 24 हेक्टेयर भू-उपयोग परिवर्तन को मंजूरी मिल गई है।
गाजियाबाद के राजनगर एक्सटेंशन में हरनंदीपुरम आवासीय टाउनशिप लॉन्च करने की तैयारी है। शुक्रवार को मेरठ मंडलायुक्त की अध्यक्षता में हुई जीडीए बोर्ड बैठक में योजना के पहले चरण का लेआउट और 24 हेक्टेयर जमीन का भू उपयोग बदलने के प्रस्ताव को मंजूरी मिल गई। वहीं, बोर्ड बैठक में कुल 16 प्रस्तावों पर विचार विमर्श कर सभी को स्वीकृति दे दी गई।
जीडीए सभाकक्ष में शुक्रवार को जीडीए बोर्ड अध्यक्ष व मेरठ मंडलायुक्त भानू चंद्र गोस्वामी की अध्यक्षता में हुई जीडीए की 173वीं बोर्ड बैठक में हरनंदीपुरम योजना के लॉन्च होने का रास्ता साफ हो गया है। बैठक में परियोजना के पहले चरण में भोवापुर और शाहपुर निज मोरटा की अधिग्रहीत 47.1612 हेक्टेयर जमीन में से 24.1213 हेक्टेयर जमीन का भू उपयोग बदलकर कृषि से आवासीय कर दिया। साथ ही पहले चरण के लेआउट के प्रस्ताव को पास कर दिया।
जीडीए उपाध्यक्ष नंद किशोर कलाल ने बताया कि प्राधिकरण बोर्ड की मंजूरी के बाद योजना को आगे बढ़ाया जाएगा। माना जा रहा है कि दो से तीन माह के भीतर जीडीए इसका पहला चरण लॉन्च कर देगा। हरनंदीपुरम योजना को गाजियाबाद की भविष्य की सबसे आधुनिक एवं सुव्यवस्थित आवासीय योजनाओं में विकसित किए जाने की दिशा में कार्य किया जा रहा है। योजना के अंतर्गत चौड़ी सड़कें, आधुनिक सीवरेज एवं ड्रेनेज नेटवर्क, हरित क्षेत्र, पार्क, सामुदायिक सुविधाएं, गोल्फ कोर्स, फूड कोर्ड, शिक्षा एवं स्वास्थ्य अवसंरचना तथा स्मार्ट अर्बन सुविधाओं का विकास प्रस्तावित है। यह पूरी तरह आधुनिक बनेगी। बोर्ड बैठक में जीडीए उपाध्यक्ष नंद किशोर कलाल, सचिव विवेक मिश्र, बोर्ड सदस्य पवन गोयल, नगर आयुक्त आदि मौजूद रहे।
मैसर्स यूएच रियलकॉन प्राइवेट लिमिटेड की 22.1174 हेक्येटर जमीन का भू-उपयोग कृषि से आवासीय किया गया है। यह बिल्डर टाउनशिप 7424 एकड़ में विकसित कर रहा है। इसी तरह इंदिरापुरम योजना के होटल भूखंड का भू-उपयोग व्यावसायिक से ग्रुप हाउसिंग कर दिया है। इसी योजना में 6959.586 वर्ग मीटर के भूखंड का भू-उपयोग भी व्यावसायिक से आवासीय कर दिया है। इससे क्षेत्र में आवास और फ्लैट की योजना आएगी और लोगों के अपने घर का सपना पूरा होगा।
पहले चरण में 47.1612 हेक्टेयर जमीन पर पर लॉन्च होगी योजना
हरनंदीपुरम आवासीय योजना कुल 521 हेक्टेयर में बसेगी, जिसमें 8 गांव की जमीन किसानों से खरीदी जा रही है। जीडीए पांच गांव की करीब 336 हेक्टेयर जमीन किसानों से सहमति बनाकर ले चुका है। लेकिन अभी पहले चरण की योजना 47.1612 हेक्टेयर पर लॉन्च करेगा। इसमें आवासीय, व्यावसायिक भूखंड और ग्रुप हाउसिंग, ईडब्ल्यूएस बनाए जाएंगे। साथ ही गोल्फ कोर्स भी बनेगा। जीडीए का दावा है कि परियोजना ग्रीन थीम पर विकसित होगी। पहले चरण में करीब 35 प्रतिशत आवासीय, 27 फीसदी हरियाली क्षेत्र, 25 फीसदी पब्लिक, सेमी-पब्लिक (पीएसपी) उपयोग, पांच फीसदी व्यावसायिक उपयोग के लिए होगा। इसमें 120 से 500 वर्ग मीटर आकार के करीब दो हजार आवासीय भूखंड होंगे। इसे बेहतर कनेक्टिविटी देने के लिए ई बस सेवा भी शुरू की जाएगी।
प्राइवेट डेवलपर्स के लिए समय सीमा बढ़ाई
जीडीए बोर्ड बैठक में निजी विकासकर्ताओं की टाउनशिप पूरी करने का समय बढ़ा दिया गया है। मै. सागम कंसट्रक्शन लिमिटेड, मै. यूटिलिटी एस्टेट प्राइवेट लिमिटेड को तीन साल की छूट दी गई है। इसी तरह सुशांत एक्वापोलिस टाउनशिप में विकसित व विकासशील ग्रुप हाउसिंग भूखंड भी तैयार कराए जाएंगे। इसके अलावा मैसर्स यूएच रियलकॉम प्राइवेट लिमिटेड की 78.77 एकड़ जमीन पर डीपीआर स्वीकृत कर दी गई है। इससे लोगों को भूखंड और फ्लैट मिलेंगे। साथ ही रोजगार भी बढ़ेगा। राजनगर एक्सटेंशन में अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम के पास एयरोसिटी टाउनशिप विकसित होगी। पूरी तरह व्यावसायिक इस टाउनशिप में कंपनियों के कार्यालय, होटल, रेस्तरां, मॉल, कॉलेज, स्पोर्ट्स क्लब, अकादमी, गोल्फ कोर्स, दुकान और शोरूम के लिए भूखंड काटे जाएंगे। जीडीए जमीन जुटाने में लैंड पुलिंग को प्राथमिकता देगा। राजनगर एक्सटेंशन की योजनाओं को बाढ़ से बचाने के लिए हिंडन के दाहिने तट पर बांध बनेगा। राजनगर एक्सटेंशन रोड से पाइपलाइन मार्ग तक प्रस्तावित इस परियोजना की लागत 190 करोड़ रुपये है।
हिंडन के दाहिने तट पर बांध बनाया जाएगा
हिंडन के दाहिने तट पर राजनगर एक्सटेंशन रोड से पाइपलाइन मार्ग तक बांध निर्माण होगा। राजनगर एक्सटेंशन में अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम, हरनंदीपुरम आवासीय योजना और एयरोसिटी टाउनशिप विकसित होगी। हिंडन के दाहिनी तट पर बांध का निर्माण किया जाएगा।
घंटाघर-भाटिया मोड़ के बीच एलिवेटेड रोड
घंटाघर से भाटिया मोड़ के बीच दो किलोमीटर लंबी चार लेन एलिवेटेड रोड बनेगी। जीडीए बोर्ड ने शुक्रवार को परियोजना के लिए ऋण लेने के प्रस्ताव को मंजूरी दी। निर्माण पर 200.23 करोड़ रुपये खर्च होंगे। इससे जीटी रोड पर लगने वाले जाम से राहत मिलने की उम्मीद है।
जीडीए एयरोसिटी बनाने के लिए जमीन खरीदेगा
राजनगर एक्सटेंशन में एयरोसिटी व्यावसायिक टाउनशिप के लिए जीडीए किसानों से करीब 193.12 हेक्टेयर जमीन खरीदेगा। अटौर, मोरटी और मेवला अगरी गांव की जमीन पर टाउनशिप विकसित होगी। बोर्ड ने शुक्रवार को जमीन जुटाने के प्रस्ताव को मंजूरी दे दी।