Noida Expressway Traffic Solution: सेक्टर-148 और 150 के बीच बनेगा ₹85 करोड़ का नया फ्लाईओवर, डिजाइन जारी

नोएडा प्राधिकरण ने सेक्टर-148 और 150 के बीच ₹85 करोड़ के फ्लाईओवर का डिजाइन जारी किया। जानिए किन सेक्टरों को मिलेगा लाभ।

नोएडा प्राधिकरण ने नोएडा-ग्रेटर नोएडा एक्सप्रेसवे पर सेक्टर-148 और सेक्टर-150 के बीच प्रस्तावित फ्लाईओवर का डिजाइन शुक्रवार को जारी कर दिया। परियोजना के निर्माण पर करीब 85 करोड़ रुपये खर्च होंगे। एक्सप्रेसवे पर इस फ्लाईओवर के बनने से एक्सप्रेसवे के दोनों तरफ बसे 15 से अधिक सेक्टर के लाखों लोगों को आवागमन में सुविधा होगी। प्राधिकरण के अधिकारियों के अनुसार, यमुना पुस्ते के पास बसे सेक्टर-150 को सीधे नोएडा-ग्रेटर नोएडा एक्सप्रेसवे की सर्विस रोड से जोड़ा जाएगा। इसके लिए फ्लाईओवर बनाया जाएगा। प्राधिकरण ने इसके लिए फ्लाईओवर का डिजाइन तैयार करा लिया है। अब डिटेल प्रोजेक्ट रिपोर्ट (डीपीआर) तैयार होगी।

अभी सेक्टर-150 की ओर आने-जाने के लिए सफीपुर गांव के पास सेक्टर-148 के सामने एक्सप्रेसवे पर बने पुराने अंडरपास का इस्तेमाल करना पड़ता है। बारिश में जलभराव होने पर लोगों को परेशानी होती है। हाल में लगातार चार दिन बारिश होने पर यहां जलभराव से वाहन चालक परेशान हो गए थे।

इन सेक्टरों में आवागमन होगा आसान

अधिकारियों ने बताया कि नया फ्लाईओवर सेक्टर-148 और 150 के बीच बनाया जाएगा। इसमें सेक्टर-148 की तरफ मौजूदा अंडरपास से पहले ही फ्लाईओवर का लूप होगा, जिस पर नोएडा की तरफ से जाने वाले वाहन सर्विस रोड से बाएं मुड़कर चढ़ेंगे। सेक्टर-153 के छोर पर फ्लाईओवर का लूप सेक्टर-150 की ओर जाने वाली 45 मीटर रोड पर आगे ले जाकर उतारा जाएगा। इसके बाद वाहन सेक्टर-152, 149 के सामने से होते हुए सेक्टर-150 पहुंचेंगे। सेक्टर-150 की तरफ से आने वाले वाहनों को भी सेक्टर-153 की तरफ से लूप बनाकर फ्लाईओवर पर चढ़ाया जाएगा। इसके बाद यह वाहन सेक्टर-148 की तरफ उतरकर आगे मेट्रो रूट के साथ सेक्टर-145, 146, 147, 148 और यमुना एक्सप्रेसवे, ग्रेटर नोएडा की तरफ जा सकेंगे।

सेक्टर-148 अंडरपास से आगे वाहन फंस रहे

सेक्टर-151 के पास ही 149, 152, 151 भी हैं। इन सभी सेक्टर में नोएडा की तरफ से जाने वाले वाहन चालकों को एक्सप्रेसवे से पहले सर्विस रोड पर उतरना होता है। इसके बाद सर्विस रोड के सेक्टर-148 के सामने पुराने अंडरपास से वाहन दाहिने मुड़कर जाते हैं। अंडरपास के आगे तीव्र मोड़ भी है। इस वजह से मौजूदा आबादी के आवागमन में भी सुबह-शाम अंडरपास से लेकर आगे तक ट्रैफिक फंसता है।

निर्माण के बाद लोगों को आवागमन में सुविधा होगी

प्राधिकरण के अधिकारियों ने बताया कि सेक्टर-150 में करीब 50 ग्रुप हाउसिंग परियोजनाएं प्रस्तावित हैं। इनमें से 16 परियोजनाओं में फ्लैट बन चुके हैं और परिवारों ने रहना भी शुरू कर दिया है। सभी सोसाइटी में 40 हजार फ्लैट बनाए जाने का अनुमान है। स्पोर्ट्स सिटी-1 में अंतरराष्ट्रीय स्तर का क्रिकेट स्टेडियम भी बनाया जाना प्रस्तावित है। फ्लाईओवर बनने से लोगों राहत मिलेगी।

Leave A Reply

Your email address will not be published.