‘कोर्ट परिसर बने गैंगस्टरों का अड्डा’, करनाल में दुष्यंत चौटाला का सरकार पर तीखा हमला
करनाल में जेजेपी नेता दुष्यंत चौटाला ने बढ़ती आपराधिक घटनाओं, एनकाउंटर और सफाई कर्मियों की हड़ताल को लेकर सरकार को घेरा।
करनाल: हरियाणा के पूर्व उपमुख्यमंत्री एवं जेजेपी नेता दुष्यंत चौटाला शुक्रवार को करनाल पहुंचे. यहां उन्होंने कार्यकर्ता अमनदीप सिंह चावला के असामयिक निधन पर शोक व्यक्त किया और परिवार के प्रति संवेदना प्रकट की.
बढ़ते अपराध को लेकर सरकार पर निशाना: इस दौरान दुष्यंत चौटाला ने प्रदेश की कानून व्यवस्था को लेकर हरियाणा सरकार पर जमकर निशाना साधा. उन्होंने कहा कि, “प्रदेश में लगातार अपराध का ग्राफ बढ़ रहा है और पिछले कुछ महीनों में हत्या की घटनाएं लगातार सामने आई हैं.” वहीं, हिसार कोर्ट परिसर में हुई गोलीबारी और अन्य आपराधिक घटनाओं का जिक्र करते हुए कहा कि, “आज हरियाणा के कोर्ट परिसर गैंगस्टरों के लिए गोली चलाने का सुरक्षित अड्डा बनते जा रहे हैं. आरटीआई के जरिए जानकारी लेने पर पिछले पांच वर्षों में प्रदेश के कोर्ट परिसरों में 50 से ज्यादा मौतों का आंकड़ा सामने आ सकता है. बावजूद इसके सरकार कोर्ट परिसरों की सुरक्षा को लेकर पूरी तरह विफल नजर आ रही है.”
वीरू वाल्मीकि हत्याकांड पर पुलिस कार्रवाई पर सवाल: वहीं, करनाल के वीरू वाल्मीकि हत्याकांड को लेकर भी दुष्यंत चौटाला ने पुलिस की कार्रवाई पर सवाल खड़े किए. उन्होंने कहा कि, “इस पूरे मामले में तीन जानें गईं. एक व्यक्ति की जान गैंगवार में गई, जबकि दो अन्य की मौत पुलिस एनकाउंटर में हुई. अगर आरोपी पुलिस की हिरासत में आ गए थे, तो उसके बाद एनकाउंटर क्यों हुआ, इस पर गंभीर सवाल खड़े होते हैं. पुलिस से हुई इस कार्रवाई की निष्पक्ष जांच होनी चाहिए और कानून से ऊपर किसी को नहीं माना जा सकता.”
हिसार और दादरी की घटनाओं पर सरकार को घेरा: हिसार कोर्ट परिसर में हुई गोलीबारी और दादरी में चार लोगों की मौत का जिक्र करते हुए दुष्यंत चौटाला ने प्रदेश की कानून व्यवस्था पर चिंता जताते हुए कहा कि, “हरियाणा में अपराधियों के हौसले बढ़ रहे हैं और सार्वजनिक स्थानों पर भी गैंगवार जैसी घटनाएं सामने आ रही हैं. मेरा सरकार से सवाल है कि जब कोर्ट परिसर तक सुरक्षित नहीं हैं, तो आम आदमी अपनी सुरक्षा को लेकर किस पर भरोसा करे.”
सफाई कर्मचारियों की हड़ताल पर सरकार को घेरा: वहीं, प्रदेशभर में चल रही सफाई कर्मचारियों की हड़ताल को लेकर भी दुष्यंत चौटाला ने सरकार को घेरा. उन्होंने कहा कि, “सफाई कर्मचारी लगातार धरने पर बैठे हैं और करनाल जैसे शहर की स्थिति बेहद खराब हो चुकी है. जिस करनाल को लंबे समय तक मुख्यमंत्री का शहर कहा जाता रहा, आज वही शहर जगह-जगह कचरे के ढेर से भरा पड़ा है. आखिर सफाई कर्मचारियों से बातचीत क्यों नहीं की जा रही. सरकार को तुरंत सफाई कर्मचारियों को बातचीत के लिए बुलाना चाहिए, उनकी जायज मांगों पर विचार करना चाहिए और हड़ताल खत्म करवाकर शहर की सफाई व्यवस्था को पटरी पर लाना चाहिए.”
मुख्यमंत्री को काले झंडे दिखाए जाने पर बोले: इसके अलावा गुरुग्राम में मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी को काले झंडे दिखाए जाने के सवाल पर दुष्यंत चौटाला ने कहा कि, “यह तो अभी शुरुआत है. सरकार हरियाणा की समस्याओं की चिंता करने के बजाय पंजाब की राजनीति में ज्यादा रुचि ले रही है. आने वाले समय में जनता प्रदेश में जगह-जगह सरकार का विरोध करेगी और काले झंडे दिखाए जाएंगे.”
राहुल गांधी पर बोले चौटाला: दिल्ली के जंतर-मंतर पर घायल हुए एक युवक के लिए एफआईआर दर्ज करवाने थाने पहुंचे कांग्रेस नेता राहुल गांधी के मामले पर दुष्यंत चौटाला ने कहा कि, “जिसके साथ घटना हुई है, जिसकी आंख और शरीर को नुकसान पहुंचा है, वह आज न्याय की मांग कर रहा है. पीड़ित के साथ कोई राजनीतिक व्यक्ति जाए या न जाए, पुलिस का कर्तव्य है कि उसकी शिकायत दर्ज करे. अगर उसके खिलाफ भी कोई मामला बनता है तो पुलिस कार्रवाई करे, लेकिन जिस व्यक्ति को नुकसान हुआ है, उसकी भरपाई केवल कानूनी कार्रवाई से पूरी नहीं हो सकती.
राजस्थान में बीजेपी नेताओं से मारपीट के वीडियो पर प्रतिक्रिया: वहीं, राजस्थान के एक गांव में स्कूल निरीक्षण के दौरान बीजेपी नेताओं के साथ कथित मारपीट के वीडियो पर दुष्यंत चौटाला ने कहा कि, ” मैंने भी वीडियो देखा है. जिस तरह से हमलावर वहां पहुंचे, उससे प्रथम दृष्टया हमला सुनियोजित प्रतीत होता है. हमला किसने किया और इसके पीछे कौन लोग थे, इसकी जांच करना पुलिस का काम है. पूरे मामले की निष्पक्ष जांच होनी चाहिए.”