CLG की पहल से ₹25,300 के लेन-देन का विवाद सुलझा, बिना कोर्ट-कचहरी हुआ समझौता

दो ठेकेदारों के बीच तीन साल पुराने लेन-देन के विवाद का आपसी सहमति से निपटारा; पहली किस्त के ₹10 हजार दिए, शेष ₹15,300 देने पर बनी सहमति

न्यूज़ डेस्क हरियाणा। जींद। जगत क्रान्ति संवाददाता। जिला पुलिस अधीक्षक कुलदीप सिंह के मार्गदर्शन में कम्युनिटी लाइजन ग्रुप (CLG) ने दो ठेकेदारों के बीच चल रहे आपसी लेन-देन के विवाद का बिना किसी आर्थिक बोझ और न्यायालय की प्रक्रिया में जाए आपसी सहमति से समाधान करवाया। दोनों पक्षों ने CLG के फैसले पर संतोष जताया, जिसके बाद शिकायतकर्ता ने मामले में आगे कोई कार्रवाई नहीं करने की प्रार्थना की।

पुलिस अधीक्षक कार्यालय जींद में प्राप्त शिकायत में शिकायतकर्ता आशीष ने बताया कि वह टाइल-पत्थर लगाने का कार्य करता है और उत्तरवादी को करीब तीन वर्षों से जानता है। दोनों मिलकर टाइल-पत्थर लगाने के ठेके लेते थे और काम पूरा होने के बाद मजदूरी की राशि आपस में बांटते थे।

शिकायतकर्ता का आरोप था कि उत्तरवादी ने उसे बताए बिना उसके हिस्से के 25,300 रुपये अधिक ले लिए और राशि वापस मांगने पर देने से इनकार कर दिया। शिकायत मिलने के बाद दोनों पक्षों को CLG के समक्ष बुलाया गया और उनकी बात सुनी गई।

CLG-2 के सदस्यों द्वारा समझाने के बाद उत्तरवादी ने शिकायतकर्ता की राशि बकाया होने की बात स्वीकार करते हुए बताया कि वह पूरी रकम एकमुश्त देने में असमर्थ है। इसके बाद दोनों पक्षों के बीच राशि को दो किस्तों में चुकाने पर सहमति बनी।

समझौते के अनुसार उत्तरवादी ने 21 अगस्त 2026 को पहली किस्त के रूप में 10 हजार रुपये CLG शाखा में जमा कर दिए, जबकि शेष 15,300 रुपये 8 सितंबर 2026 को शिकायतकर्ता को देने का वादा किया।

आपसी सहमति से समाधान होने पर दोनों पक्षों ने संतोष व्यक्त किया। शिकायतकर्ता ने भी अपनी शिकायत पर आगे कोई कार्रवाई नहीं करने की प्रार्थना की, जिसके बाद परिवाद का निपटारा कर दिया गया।

इस अवसर पर कोऑर्डिनेटर जे.पी. सिंगल, को-कोऑर्डिनेटर घनश्याम दास सिंगल, वीरेंद्र सिंह लाठर, एस.पी. भारद्वाज, सुभाष चंद्र शर्मा, एसपीओ बबली तथा गृह रक्षी राजीव उपस्थित रहे।

Leave A Reply

Your email address will not be published.