हरियाणा शिक्षक पात्रता परीक्षा का रिजल्ट घोषित, कुल 16.57% अभ्यर्थी पास
हरियाणा विद्यालय शिक्षा बोर्ड ने HTET का रिजल्ट घोषित कर दिया है। कुल 16.57% अभ्यर्थी सफल हुए हैं।
भिवानी: हरियाणा विद्यालय शिक्षा बोर्ड ने 4 और 5 जुलाई 2026 को आयोजित हरियाणा अध्यापक पात्रता परीक्षा यानी कि HTET-2025 का परिणाम शनिवार को घोषित कर दिया. परीक्षा में लेवल-1, लेवल-2 और लेवल-3 को मिलाकर कुल 1,92,220 अभ्यर्थी शामिल हुए. बोर्ड के अनुसार तीनों लेवल का कुल परीक्षा परिणाम 16.57 प्रतिशत रहा.
बोर्ड चेयरमैन ने दी जानकारी:हरियाणा विद्यालय शिक्षा बोर्ड के चेयरमैन शंकर लाल धूपड़ ने शनिवार को भिवानी स्थित बोर्ड कार्यालय में आयोजित पत्रकार वार्ता में परीक्षा परिणाम से जुड़ी जानकारी साझा की. उन्होंने बताया कि, “अभ्यर्थी बोर्ड की आधिकारिक वेबसाइट पर दिए गए लिंक के माध्यम से रोल नंबर, अनुक्रमांक और जन्मतिथि दर्ज कर अपना परिणाम डाउनलोड कर सकते हैं. HTET में लेवल-1 पीआरटी के लिए 31,402, लेवल-2 टीजीटी के लिए 99,896 और लेवल-3 पीजीटी के लिए 60,922 अभ्यर्थी परीक्षा में शामिल हुए. तीनों लेवल में कुल 1,92,220 परीक्षार्थियों ने परीक्षा दी. परीक्षा परिणाम घोषित होने के बाद अब सफल अभ्यर्थियों की बायोमैट्रिक्स प्रक्रिया पूरी कराई जा रही है.”
31,847 क्वालिफाइड, 964 की बायोमैट्रिक्स बाकी: चेयरमैन शंकर लाल धूपड़ ने आगे कहा कि, “परीक्षा में क्वालिफाई करने वाले 31,847 अभ्यर्थियों को 10, 11 और 12 अगस्त को बायोमैट्रिक्स के लिए बुलाया गया था. इनमें से 30,883 अभ्यर्थियों ने बायोमैट्रिक्स प्रक्रिया पूरी कर ली, जबकि 964 अभ्यर्थी उपस्थित नहीं हो सके. बोर्ड ने बायोमैट्रिक्स प्रक्रिया से वंचित रहे 964 क्वालिफाइड अभ्यर्थियों को राहत दी है. इन अभ्यर्थियों को बायोमैट्रिक्स के लिए एक और अवसर दिया जाएगा. इसकी नई तिथियां जल्द घोषित की जाएंगी. इस बार बायोमैट्रिक्स प्रक्रिया अलग-अलग जिला मुख्यालयों की बजाय हरियाणा विद्यालय शिक्षा बोर्ड परिसर में आयोजित की जाएगी.”
लेवल-2 के सबसे ज्यादा अभ्यर्थी बायोमैट्रिक्स से वंचित: वहीं, बायोमैट्रिक्स से वंचित रहे अभ्यर्थियों में लेवल-1 के 103, लेवल-2 के 596 और लेवल-3 के 265 परीक्षार्थी शामिल हैं. इस तरह सबसे ज्यादा अभ्यर्थी लेवल-2 में बायोमैट्रिक्स प्रक्रिया पूरी नहीं कर पाए.
सवालों पर मिली आपत्तियों की हो रही जांच: परीक्षा में पूछे गए सवालों को लेकर अभ्यर्थियों की ओर से दर्ज कराई गई आपत्तियों और दावों की बोर्ड स्तर पर स्क्रूटनी की जा रही है. इस बारे में चेयरमैन ने कहा कि, “कुछ सवालों में समस्या पाए जाने पर सभी परीक्षार्थियों को समान रूप से अंक दिए गए हैं. अभ्यर्थियों की ओर से ई-मेल, हार्ड कॉपी और अन्य माध्यमों से प्राप्त आपत्तियों की जांच की जा रही है. आपत्तियों की स्क्रूटनी पूरी होने के बाद इस संबंध में अंतिम जानकारी जारी की जाएगी. प्रक्रिया पूरी होने के बाद ही आपत्तियों के संबंध में अंतिम स्थिति सामने आएगी.”