सुभाष चौक और राजीव चौक पर भारी जलभराव, 83 एमएम बारिश से थमा शहर का पहिया
गुड़गांव में देर रात हुई मूसलाधार बारिश के बाद सड़कें जलमग्न हो गईं। सुभाष चौक पर गाड़ियां पानी में तैरती नजर आईं।
गुड़गांव : गुड़गांव में दिन में भले ही तेज धूप निकल रही हो, लेकिन रात में बदरा जमकर बरस रहे हैं। शुक्रवार देर रात को हुई बारिश के बाद पूरा शहर जलमग्न हाे गया। इस बारिश ने अधिकारियों के दावों की एक बार फिर पोल खोल दी है। बरसात बंद होने के 10 घंटे बाद भी कई सड़कें जलमग्न हैं। देर रात को हुई बारिश में कई स्थानों पर इतना अधिक पानी भर गया कि उसमें गाड़ियां तैरने लगी। हालांकि सुबह होने तक ज्यादातर स्थानों से पानी निकल गया, लेकिन अभी भी कई सड़कें ऐसी हैं जो पानी से लबालब भरी हुई हैं।
देर रात को हुई बारिश के बाद सबसे ज्यादा दिक्कत सुभाष चौक पर हुई। यहां पानी इतना अधिक भर गया कि यहां गाड़ियां पानी में तैरने लगी। लोगों ने गाड़ी से बाहर निकलकर छत पर पहुंचकर इसकी वीडियो बनाई और प्रशासनिक अधिकारियों तक पहुंचाई। वहीं एक अन्य वीडियो भी सामने आई जहां जलमग्न हुई सड़क से गुजर रहे बाइक सवार दो युवक सीवर में जा गिरे। गनीमत यह रही कि दोनों सीवर के अंदर नहीं गिरे। हालांकि उनकी बाइक इस सीवर में फंस गई और वह दोनों पानी में जा गिरे। इसके अलावा महावीर चौक, राजीव चौक अंडरपास, पुलिस लाइन, धनवापुर रोड, सेक्टर-4, सेक्टर-9, अर्जुन नगर, ज्योति पार्क, न्यू कॉलोनी, सेक्टर-7, कादीपुर, सेक्टर-10, बसई रोड, सुशांत लोक, शीतला माता रोड, पुराना दिल्ली रोड, अग्रवाल धर्मशाला चौक सहित अन्य स्थानों पर जलभराव हो गया।
आपको बता दें कि अधिकारियों ने जलभराव न होने के दावे तो किए थे, लेकिन यह दावे हर बार की तरह इस बार भी खोखले ही निकले। पूरा शहर जलभराव के कारण परेशान होता दिखाई दिया। अधिकारियों की मानें तो गुड़गांव तहसील के अंतर्गत सुबह 8 बजे तक 75 एमएम बारिश हुई। वहीं, कादीपुर व हरसरू तहसील के अंतर्गत 83 एमएम बारिश हुई। वजीराबाद के अंतर्गत 69 एमएम, बादशाहपुर के अंतर्गत 62 एमएम, सोहना में 55 एमएम, मानेसर में 4 एमएम, पटौद में 3 एमएम तथा फर्रूखनगर में 15 एमएम बारिश रिकॉर्ड की गई है। यह बारिश रात में होने के कारण ज्यादातर स्थानों से सुबह होने तक पानी निकल गया, लेकिन बरसात बंद हुए 10 घंटे बीत जाने के बाद भी कई सड़कें पानी से लबालब हैं।