हरियाणा में कमजोर पड़ा मानसून, IMD ने 26 अगस्त तक जारी किया ग्रीन अलर्ट

हरियाणा में मानसून की रफ्तार धीमी पड़ी। IMD ने 26 अगस्त तक प्रदेश में ग्रीन जोन जारी किया। जानें मौसम का पूरा हाल।

चंडीगढ़: हरियाणा में मानसून का असर अब धीरे-धीरे कमजोर पड़ता नजर आ रहा है. भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) के अनुसार, पिछले 24 घंटों में यमुनानगर, करनाल, गुरुग्राम, पलवल, फरीदाबाद और रोहतक समेत कुछ जिलों में हल्की से मध्यम बारिश दर्ज की गई, जबकि प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में मौसम शुष्क रहा.

हरियाणा में कमजोर पड़ा मानसून: मौसम विभाग ने 24 अगस्त को प्रदेश के किसी भी जिले के लिए मौसम की कोई चेतावनी जारी नहीं की है. मानसून की अक्षीय रेखा के कमजोर पड़ने के कारण आने वाले दिनों में भारी बारिश की संभावना काफी कम हो गई है. हालांकि, कुछ इलाकों में हल्की से बिखरी हुई बारिश का दौर जारी रह सकता है.

उत्तरी और पूर्वी हरियाणा में बारिश की ज्यादा संभावना: रविवार को पंचकूला, अंबाला, यमुनानगर, कुरुक्षेत्र, करनाल और पानीपत में मौसम बदलने की संभावना है. इन जिलों में करीब 25 से 50 प्रतिशत स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश या गरज-चमक के साथ बौछारें पड़ सकती हैं. वहीं दक्षिणी हरियाणा और एनसीआर से जुड़े गुरुग्राम, फरीदाबाद, पलवल, नूंह, रेवाड़ी और झज्जर में हल्की बूंदाबांदी होने का अनुमान है.

24 अगस्त को इन जिलों में हल्की बारिश: मौसम विभाग के अनुसार, 24 अगस्त को दक्षिणी और पूर्वी हरियाणा के कुछ जिलों में बारिश की संभावना बनी रहेगी. गुरुग्राम, फरीदाबाद, पलवल, नूंह, अंबाला, यमुनानगर और पंचकूला में 25 प्रतिशत या उससे कम स्थानों पर हल्की बारिश या बूंदाबांदी हो सकती है. दूसरी ओर हिसार, सिरसा, फतेहाबाद, भिवानी, जींद, चरखी दादरी, झज्जर और रोहतक समेत पश्चिमी और मध्य हरियाणा के अधिकांश हिस्सों में मौसम शुष्क रहने की संभावना है.

26 अगस्त तक पूरे प्रदेश में ग्रीन जोन: मौसम विभाग ने 24 से 26 अगस्त तक पूरे हरियाणा के लिए ग्रीन जोन जारी किया है. इसका मतलब है कि इस अवधि में प्रदेश में किसी बड़े मौसम संबंधी खतरे या भारी बारिश की चेतावनी नहीं है. हालांकि, स्थानीय स्तर पर बादल बनने और गरज-चमक के साथ हल्की बारिश या बूंदाबांदी की संभावना से इनकार नहीं किया गया है.

मानसून की रफ्तार धीमी, भारी बारिश का दौर थमा: मानसून की अक्षीय रेखा के कमजोर पड़ने के साथ ही हरियाणा में भारी बारिश का दौर फिलहाल धीमा पड़ता दिखाई दे रहा है. आने वाले दिनों में बारिश का स्वरूप ज्यादा व्यापक रहने के बजाय स्थानीय और बिखरा हुआ रहने की संभावना है. यानी अगले कुछ दिनों में हरियाणा के लोगों को लगातार या तेज बारिश के बजाय कुछ इलाकों में हल्की बारिश और अधिकांश हिस्सों में शुष्क मौसम का सामना करना पड़ सकता है.

Leave A Reply

Your email address will not be published.