पंचकूला पुलिस को बड़ी सफलता, 19 वर्षीय कृष्ण उर्फ चूसा चाकू समेत गिरफ्तार

जीजा-साला हत्याकांड के मुख्य व 5 हजार के इनामी आरोपी कृष्ण उर्फ चूसा को पंचकूला पुलिस ने किया गिरफ्तार।

पंचकूला: जीजा-साला हत्याकांड के मुख्य एवं इनामी बदमाश को पंचकूला पुलिस ने गिरफ्तार किया है. सेक्टर-19 चौकी पुलिस टीम ने मामले में फरार चल रहे मुख्य आरोपी को गिरफ्तार किया. जिसकी पहचान 19 वर्षीय कृष्ण उर्फ चूसा के रूप में हुई है. चूसा पंचकूला के गांव अभयपुर स्थित इंडस्ट्रियल एरिया का रहने वाला है.

5 हजार रुपये का इनाम घोषित: डीसीपी पंचकूला आईपीएस अदिति सिंह ने बताया कि “हत्याकांड के बाद आरोपी कृष्ण उर्फ चूसा के फरार रहने पर उसकी गिरफ्तारी के लिए पांच हजार रुपये का इनाम घोषित किया गया था. वहीं, अब पुलिस ने आरोपी से वारदात में इस्तेमाल किया गया चाकू बरामद कर लिया है. पुलिस जांच में पता लगा कि आरोपी के खिलाफ पंजाब में भी एक आपराधिक मामला दर्ज है, जिसमें उसने ठेके के बाहर फायरिंग की थी. पूछताछ के बाद आरोपी को कोर्ट में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया. इस मामले में अब तक कुल दस आरोपियों को गिरफ्तार किया जा चुका है, जिनमें दो नाबालिग भी शामिल हैं.”

प्रेम विवाह से गहराई रंजिश: गौरतलब है कि 4 जुलाई 2026 को पुलिस को सेक्टर-19 निवासी संजीत की तेजधार हथियारों से हत्या की सूचना मिली थी. फिर जांच के दौरान सीआईडी अंडरपास के पास अर्जुन उर्फ चिट्टा का भी शव बरामद हुआ. जांच में सामने आया कि अर्जुन ने संजीत की बहन से प्रेम विवाह किया था, जिसके चलते दोनों पक्षों में पुरानी रंजिश चल रही थी. आरोपियों ने अर्जुन को नामकरण समारोह के बहाने बुलाकर हमला किया, जिस दौरान हुई वारदात में दोनों की मौत हो गई. मामले में दोनों पक्षों के खिलाफ अलग-अलग मामले दर्ज किए गए थे.

संवेदनशील क्षेत्रों में पुलिस की मौजूदगी: पुलिस कमिश्नर आईपीएस, पंकज नैन ने कहा कि जिला पंचकूला में कानून-व्यवस्था को सुदृढ़ बनाए रखना पुलिस की सर्वोच्च प्राथमिकता है. ऐसे मामलों में किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा. अपराधियों पर शिकंजा कसने के साथ-साथ संवेदनशील क्षेत्रों में पुलिस की मौजूदगी बढ़ाई जा रही है.

Leave A Reply

Your email address will not be published.