ग्रेटर नोएडा में बड़ा हादसा, ईस्टर्न पेरिफेरल पर प्राइवेट बस पलटी, 14 कर्मचारी घायल
दादरी क्षेत्र में ईस्टर्न पेरिफेरल रोड पर प्राइवेट कंपनी की बस पलटने से 14 कर्मचारी घायल हो गए। जानें पूरी खबर।
ग्रेटर नोएडा के दादरी क्षेत्र में शनिवार को एक प्राइवेट कंपनी की बस के अनियंत्रित होकर पलट जाने से 14 व्यक्ति घायल हो गए. पुलिस आयुक्त लक्ष्मी सिंह के मीडिया प्रभारी ने बताया कि शनिवार की शाम को एक कंपनी की प्राइवेट बस कर्मचारियों को लेकर ईस्टर्न पेरिफेरल के रास्ते जा रही थी. उन्होंने बताया कि एक वाहन को बचाने के चक्कर में बस पलट गई. बस में कंपनी के करीब 30 कर्मचारी सवार थे.
पुलिस के अनुसार इस घटना में 14 लोग घायल हो गए. उन्हें उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है. यह हादसा तब हुआ जब बस कर्मचारियों को लेकर कासना से दादरी जा रही थी.
दादरी जा रही प्राइवेट कंपनी की बस पलटी
दरअसल शनिवार को दादरी थाना में ईस्टर्न पेरीफेरल से दादरी की ओर प्राइवेट कंपनी की बस जा रही थी, जिसमें लगभग 28-30 कर्मचारी मौजूद थे. इस दौरान एक वाहन को बचाते समय बस अनियंत्रित होकर पलट गई, जिसमें 14 लोग घायल हो गए. सूचना पर तत्काल थाना दादरी पुलिस मौके पर पहुंची.
जिम्स अस्पताल में चल रहा घायलों का इलाज
वहीं घायलों को एंबुलेंस की सहायता से इलाज के लिए जिम्स अस्पताल भेजा गया. इसके बाद हाइड्रा की मदद से बस को सड़क से हटाया गया. राहत की बात यह है कि इस हादसे में कोई जनहानि नहीं हुई है. पुलिस ने कहा कि यातायात सुचारू रूप से संचालित किया जा रहा है और शांति व्यवस्था नही हुई है.