पलवल में बदला! मां के हत्यारे को 5 महीने बाद सीने में मारी गोली, थाने में कट्टा रखकर सरेंडर

पलवल के जवाहर नगर कैंप में 19 वर्षीय दुष्यंत ने मां की हत्या का बदला लेने के लिए सुरेश की गोली मारकर हत्या की और थाने में सरेंडर किया।

पलवल : पलवल के जवाहर नगर कैंप में शनिवार देर रात पुरानी रंजिश के चलते जमानत पर बाहर आए 52 वर्षीय व्यक्ति की गोली मारकर हत्या कर दी गई। वारदात के बाद 19 वर्षीय आरोपी खुद कैंप थाना पहुंचा और थाना प्रभारी की मेज पर देसी कट्टा व तीन जिंदा कारतूस रखकर अपनी सुरक्षा की मांग करते हुए आत्मसमर्पण कर दिया। आरोपी ने पुलिस को बताया कि उसने अपनी मां की हत्या का बदला लिया है। पुलिस ने आरोपी को हिरासत में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है।

पुलिस व परिजनों से प्राप्त जानकारी के अनुसार, जवाहर नगर कैंप निवासी सुरेश उर्फ दलीप (52) शनिवार रात अपने घर के बाहर बैठा था। इसी दौरान पड़ोसी दुष्यंत उर्फ देवा (19) अपने साथियों देवेंद्र, जोनी, रवि, जयसिंह, आशा और निशा के साथ वहां पहुंचा और जाते ही उसके सीने में गोली मार दी। गोली की आवाज घर की छत पर खड़ी मृतक की पत्नी सुबीना और बच्चों ने सुनी थी। लेकिन वे यह समझ नहीं पाए थे उसके पति को ही गोली मारी है।

हमलावरों ने गोली मारने के बाद सुरेश उर्फ दलीप को उठाकर घर के सामने से बहकर जा रहे नाले में फेंकने की कोशिश की थी। लेकिन वे इसमें कामयाब नहीं हो पाए।  कुछ  तक हमलावरों के डर से पत्नी और बच्चे(पोते -पोती)  नीचे उतरकर नहीं आए थे। हमलावरों के जाने के बाद पुलिस के आने पर  गंभीर रूप से घायल सुरेश को उसकी पत्नी और पड़ोसियों की मदद से ई-रिक्शा में जिला नागरिक अस्पताल ले जाया गया। वहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

हत्या के बाद खुद थाने पहुंचा आरोपी

वारदात के कुछ देर बाद मुख्य आरोपी दुष्यंत मौके से भागने के बजाय खुद कैंप थाना पहुंच गया था। और वहां जाकर  उसने अपने हाथों में लिए देसी कट्टा और तीन जिंदा कारतूस पुलिस के सामने रख दिए। उसने थाना प्रभारी के सामने हथियार रखकर वारदात की जानकारी दी और आत्मसमर्पण कर दिया। पुलिस ने उसे हिरासत में ले लिया।

सूचना मिलने के बाद सीन ऑफ क्राइम टीम ने घटनास्थल की जांच की। मौके से खून से सने पत्थर और ईंटों के अलावा गोली के खाली खोल भी बरामद किए गए।

2023 में मां की हत्या का बताया बदला

पुलिस पूछताछ में दुष्यंत ने हत्या की वजह पुरानी रंजिश बताई। आरोपी के अनुसार, वर्ष 2023 में गली में स्पीड ब्रेकर बनवाने को लेकर सुरेश और उसकी मां के बीच विवाद हुआ था। इसी दौरान सुरेश ने उसकी मां की कथित तौर पर चाकू मारकर हत्या कर दी थी। आरोपी ने पुलिस को बताया कि उसी घटना का बदला लेने के लिए उसने सुरेश की हत्या की। जिसमें लगभग ढाई बर्ष तक जेल में रहा था। कैन्सर पीड़ित पत्नी की बीमारी के चलते मिली थी जमानत

परिजनों के अनुसार, सुरेश एक हत्या के मामले में जेल में बंद था और करीब पांच महीने पहले जमानत पर बाहर आया था। उसकी पत्नी कैंसर से पीड़ित है और लंबे समय से बीमार चल रही है। पत्नी की देखभाल के लिए सुरेश को जमानत मिली थी। जमानत मिलने के बाद वह पत्नी के साथ रह रहा था।

पत्नी ने लगाए पुलिस पर भी आरोप

मृतक की पत्नी सुबीना ने बताया कि पांच युवक और दो महिलाएं उसके पति पर चाकुओं से हमला कर रहे थे। उसने आरोप लगाया कि हमलावरों ने उसे और उसके पोता-पोती को भी छत से नीचे फेंकने की कोशिश की। सुवीना का आरोप है कि हमले के बाद उसके पति की सांसें चल रही थीं और उसने पुलिस को फोन कर उन्हें अस्पताल पहुंचाने की गुहार लगाई, लेकिन उसे इंतजार करने के लिए कहा गया।

सात नामजद आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज

कैंप थाना प्रभारी कृष्ण गोपाल ने बताया कि मृतक की पत्नी की शिकायत पर दुष्यंत, देवेंद्र समेत सात नामजद आरोपियों के खिलाफ हत्या सहित अन्य धाराओं में मामला दर्ज किया गया है। मामले की जांच उप निरीक्षक सुमित कर रहे हैं। दुष्यंत को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है, जबकि अन्य नामजद आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीमें दबिश दे रही हैं।

Leave A Reply

Your email address will not be published.