Ghaziabad GDA Plot Sale: पहली बार बिकेंगे 5 मिक्स लैंड यूज भूखंड, वैशाली और कौशांबी की प्राइम प्रॉपर्टी नीलामी के लिए तैयार
गाजियाबाद विकास प्राधिकरण (GDA) इंदिरापुरम समेत विभिन्न योजनाओं के 84 आवासीय व व्यावसायिक भूखंडों की नीलामी करने जा रहा है।
गाजियाबाद में इंदिरापुरम योजना समेत कई योजनाओं में आवासीय व व्यावसायिक भूखंड खरीदने का कल (मंगलवार) मौका है। साथ ही ग्रुप हाउसिंग, हाईस्कूल, नर्सिंग होम के भूखंड पर भी बोलीदार बोली लगा सकते हैं। यह भूखंड 120 वर्ग मीटर से लेकर सात हजार वर्ग मीटर तक मौजूद है।
जीडीए की इंदिरापुरम व इसकी विस्तार योजना में विभिन्न साइज से सबसे अधिक भूखंड नीलामी में शामिल किए गए हैं। इसमें भी जीडीए ने पहली बार मिक्स लैंड यूज भूखंड शामिल किए हैं। साथ ही ग्रुप हाउसिंग, हाईस्कूल, फैसलिटी भूखंड आदि भी बोलीदारों के लिए रखा गए है। जीडीए अधिकारी बताते हैं कि इस योजना में प्राधिकरण के 18 मीटर चौड़ी सड़क पर पांच मिक्स लैंड यूज भूखंडों मौजूद है, जिन्हें बेचा जाएगा। यह भूखंड खरीदने के लिए बोलीदारों के पास अच्छा मौका होगा।
इन्हें खरीदने के बाद वह प्राधिकरण से मिक्स लैंड यूज के तहत नक्शा स्वीकृत कराकर आवासीय समेत व्यावसायिक गतिविधियों के लिए भूखंड का प्रयोग किया जा सकेगा। अधिकारी बताते हैं कि मंगलवार सुबह 11 बजे से हिंदी भवन में बोली लगेगी। हालांकि इसके लिए बोलीदारों को सुबह दस बजे पहुंचना होगा। जो भी बोलीदार भूखंडों पर ज्यादा बोली लगाएगा, उसे ही वह भूखंड आवंटित कर दिया जाएगा। नीलामी के लिए प्राधिकरण ने तैयारी पूरी कर ली है। नीलामी में 84 भूखंड शामिल किए गए हैं।
जीडीए के अपर सचिव प्रदीप कुमार सिंह ने कहा कि जीडीए की संपत्ति ज्यादातर लोग खरीद रहे हैं। ऐसे में मंगलवार को होने वाली निलामी में काफी भूखंड बिकने की उम्मीद है। इससे प्राधिकरण को आय अर्जित होगी।
इंदिरापुरम में सबसे अधिक भूखंड
जीडीए ने इंदिरापुरम और इसकी विस्तार योजना में विभिन्न साइज के 62 भूखंड नीलामी में शामिल किए हैं। यह भूखंड दुकान, व्यावसायिक, आवासीय, होटल, क्योस्क आदि तरह के है। इसके अलावा मधुबन बापूधाम में औद्योगिक और इंद्रप्रस्थ योजना में भी ग्रुप हाउसिंग के भूखंड है। वैशाली, कौशांबी, कर्पूरीपूरम, और यूपी बार्डर में भी विभिन्न तरह के भूखंड हैं।