कोलंबो में चोट के बावजूद ऋषभ पंत का धमाका, एमएस धोनी का बड़ा रिकॉर्ड तोड़ा
कोलंबो टेस्ट में ऋषभ पंत ने 63 रनों की जज्बाती पारी खेलकर एमएस धोनी का रिकॉर्ड तोड़ा। जानिए उनके नए कीर्तिमान।
ऋषभ पंत ने कोलंबो में कमाल की पारी खेली है. एक ऐसी पारी, जिसके बाद बतौर विकेटकीपर बल्लेबाज वो वर्ल्ड नंबर 1 बनने से अब ज्यादा दूर नहीं है. पंत की कोलंबो वाली पारी और भी खास इसलिए हो जाती है क्योंकि उसकी स्क्रिप्ट उन्होंने दर्द को हराकर लिखी है. वो दर्द जो उन्हें टेस्ट मैच के पहले दिन कलाई पर लगी चोट के चलते मिली और फिर दूसरे दिन कंधे पर लगी चोट से. चोट ने पंत की बल्लेबाजी में खलल जरूर डाला मगर वो उन्हें अपनी इनिंग को पूरा करने से रोक नहीं पाई. कोलंबो में अपनी जज्बे से भरी पारी के दम पर पंत ने धोनी का रिकॉर्ड भी तोड़ दिया.
कोलंबो में पंत ने क्या किया?
कोलंबो टेस्ट की पहली पारी में पंत ने 89 गेंदों का सामना कर 63 रन बनाए, जिसमें 6 चौके और 2 छक्के शामिल रहे. ये उनके टेस्ट करियर का 21वां अर्धशतक रहा. इस पारी के दौरान पंत ने ध्रुव जुरेल के साथ मिलकर 7वें विकेट के लिए 112 रन की पार्टनरशिप भी की, जिसमें उनका योगदान 60 रन का रहा.
पंत ने तोड़ा धोनी का रिकॉर्ड
पंत ने कोलंबो टेस्ट की पहली पारी में 63 रन बनाकर कई रिकॉर्ड बनाए. वो WTC में सबसे ज्यादा रन बनाने वाले भारतीय बन गए. वहीं विदेश में खेले टेस्ट में सबसे ज्यादा रन बनाने वाले भारतीय विकेटकीपर भी बने. इस मामले में पंत ने अपने आइडल एमएस धोनी का रिकॉर्ड तोड़ा है.
धोनी ने बतौर विकेटकीपर बल्लेबाज विदेश में खेले टेस्ट में 32.84 की औसत से 2496 रन बनाए हैं. वहीं ऋषभ पंत के 41.70 की औसत से 2500 से ज्यादा रन हो गए हैं.
वर्ल्ड नंबर 1 बनने के करीब पंत
विदेश में खेले टेस्ट में बतौर विकेटकीपर सबसे ज्यादा रन बनाने का वर्ल्ड रिकॉर्ड ऑस्ट्रेलिया के एडम गिलक्रिस्ट के नाम है. उन्होंने 49.69 की औसत से 2634 रन बनाए हैं. उनके बाद दूसरे नंबर पर साउथ अफ्रीका के मार्क बाउचर हैं, जिन्होंने 2517 रन बनाए हैं. पंत फिलहाल तीसरे स्थान पर हैं लेकिन वो गिलक्रिस्ट का रिकॉर्ड तोड़कर वर्ल्ड नंबर 1 बनने से ज्यादा दूर नहीं हैं.