बिना सुरक्षा उपाय पालतू कुत्तों को घुमाने पर हो कार्रवाई, RWA सेक्टर-55 ने उठाई मांग

घरों के सामने और सार्वजनिक स्थानों पर कुत्तों की गंदगी से निवासी परेशान; जिलाधिकारी और नोएडा प्राधिकरण के CEO से प्रभावी चालान व्यवस्था की मांग

न्यूज़ डेस्क, नोएडा। राजेश/विवेक। नोएडा के सेक्टर-55 में पालतू कुत्तों को सार्वजनिक स्थानों पर घुमाने, उनकी गंदगी तथा सुरक्षा उपायों के पालन को लेकर आरडब्ल्यूए ने प्रशासन से हस्तक्षेप की मांग की है। RWA सेक्टर-55 के महासचिव डॉ. नीरज शर्मा ने गौतमबुद्ध नगर के जिलाधिकारी और नोएडा प्राधिकरण के मुख्य कार्यपालक अधिकारी को पत्र भेजकर नियमों का प्रभावी पालन कराने तथा उल्लंघन की स्थिति में चालान एवं जुर्माने की व्यवस्था लागू करने की मांग की है।

आरडब्ल्यूए का कहना है कि पिछले कुछ समय से सेक्टर में कई निवासियों को पालतू कुत्तों के कारण असुविधा का सामना करना पड़ रहा है। आरोप है कि कुछ लोग अपने पालतू कुत्तों को दूसरे निवासियों के घरों के सामने, सड़कों, पार्कों और अन्य सार्वजनिक स्थानों पर शौच कराते हैं और गंदगी को साफ किए बिना चले जाते हैं।

बच्चों, महिलाओं और बुजुर्गों की सुरक्षा का उठाया मुद्दा

डॉ. नीरज शर्मा ने पत्र में कहा है कि कई पालतू कुत्तों को सार्वजनिक स्थानों पर पर्याप्त नियंत्रण अथवा आवश्यक सुरक्षा उपायों के बिना घुमाया जाता है। आरडब्ल्यूए के अनुसार इससे विशेष रूप से बच्चों, महिलाओं और वरिष्ठ नागरिकों में भय की स्थिति उत्पन्न होती है। कुछ लोग कुत्तों के डर के कारण पार्कों में आने-जाने से भी बचते हैं।

आरडब्ल्यूए ने प्रशासन से मांग की है कि लागू नियमों एवं परिस्थितियों के अनुसार जहां आवश्यक हो वहां मज़ल (Muzzle) तथा उचित लीड/पट्टे के इस्तेमाल को सुनिश्चित कराया जाए।

डॉग ओनर अपने साथ रखें पूप बैग

आरडब्ल्यूए ने मांग की है कि पालतू कुत्ते को बाहर घुमाने वाला प्रत्येक व्यक्ति अपने साथ पूप बैग एवं उचित डिस्पोजल व्यवस्था रखे। कुत्ते द्वारा सार्वजनिक स्थान पर गंदगी किए जाने पर उसे तत्काल साफ करने की जिम्मेदारी संबंधित डॉग ओनर की हो।

किसी अन्य व्यक्ति के घर के सामने, सड़क अथवा पार्क में पालतू कुत्ते द्वारा की गई गंदगी को वहीं छोड़ने वालों के खिलाफ प्रभावी कार्रवाई की भी मांग की गई है।

नियम तोड़ने पर चालान और नियमित निगरानी की मांग

आरडब्ल्यूए ने जिलाधिकारी एवं नोएडा प्राधिकरण से कहा है कि पालतू कुत्तों को सार्वजनिक स्थानों पर ले जाने से संबंधित नियम स्पष्ट रूप से लागू कराए जाएं। नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ नियमानुसार चालान अथवा जुर्माने की व्यवस्था प्रभावी बनाई जाए और संबंधित विभाग समय-समय पर सेक्टर में निरीक्षण एवं निगरानी करे।

पार्कों में बच्चों, महिलाओं और वरिष्ठ नागरिकों की सुरक्षा को देखते हुए पालतू कुत्तों के संबंध में स्पष्ट एवं व्यावहारिक व्यवस्था बनाने की मांग भी की गई है।

पशु प्रेम के साथ नागरिकों की सुरक्षा भी जरूरी: RWA

डॉ. नीरज शर्मा ने स्पष्ट किया कि आरडब्ल्यूए का उद्देश्य पशुओं के प्रति असंवेदनशीलता पैदा करना नहीं है। पशुओं और उन्हें पालने वाले नागरिकों के अधिकारों का सम्मान होना चाहिए, लेकिन इसके साथ अन्य निवासियों की सुरक्षा, स्वच्छता और सार्वजनिक स्थानों का निर्भय होकर उपयोग करने का अधिकार भी सुनिश्चित किया जाना आवश्यक है।

आरडब्ल्यूए ने प्रशासन से मामले में तत्काल आवश्यक निर्देश जारी करने की मांग करते हुए कहा है कि ऐसी संतुलित व्यवस्था बनाई जाए, जिससे पालतू पशुओं की उचित देखभाल भी हो और सेक्टरवासियों को भय, गंदगी अथवा असुविधा का सामना भी न करना पड़े।

Leave A Reply

Your email address will not be published.