सहारनपुर से लौट रहे दंपती के साथ हादसा, कुरुक्षेत्र में लापरवाही ने छीनी जान
कुरुक्षेत्र के निवारसी में बिना इंडिकेटर खड़ी ट्रैक्टर-ट्रॉली से बाइक टकराई। बेकरी मालिक गुरप्रीत सिंह की मौत, पत्नी गंभीर।
कुरुक्षेत्र: लाडवा क्षेत्र में निवारसी गांव के पास रात के समय सड़क पर बिना किसी संकेतक के खड़ी ट्रैक्टर-ट्रॉली हादसे का कारण बन गई। लाडवा की तरफ से आ रही बाइक ट्रॉली के पिछले हिस्से से जा टकराई। हादसे में बाइक सवार उमरी निवासी 45 वर्षीय गुरप्रीत सिंह की मौत हो गई, जबकि उसकी पत्नी बिंद्र उर्फ बलविंद्र कौर गंभीर रूप से घायल हो गई। गुरप्रीत सिंह उमरी गांव में बेकरी की दुकान चलाता था।
ट्रॉली पर नहीं था कोई सिग्नल
प्रत्यक्षदर्शी वंश निवासी वार्ड-12 लाडवा ने पुलिस को बताया कि वह स्कूटी से पिपली-थानेसर की तरफ से लाडवा जा रहा था। इसी दौरान उसने मुख्य सड़क पर ट्रैक्टर-ट्रॉली खड़ी देखी। ट्रैक्टर-ट्रॉली का मुंह पिपली की ओर था। प्रत्यक्षदर्शी के अनुसार ट्रॉली पर न तो इंडिकेटर लगा था, न पार्किंग लाइट जल रही थी और न ही कोई रिफ्लेक्टर या अन्य सिग्नल मौजूद था।
टक्कर में सिर पर लगी गंभीर चोट
इसी दौरान लाडवा की तरफ से बाइक पर दंपती आया और सड़क पर खड़ी ट्रैक्टर-ट्रॉली के पिछले हिस्से से टकरा गया। टक्कर इतनी जोरदार थी कि दोनों सड़क पर गिर पड़े। गुरप्रीत सिंह के सिर में गंभीर चोट लगी। आसपास के लोगों ने दोनों घायलों को सरकारी एंबुलेंस की मदद से सीएचसी लाडवा पहुंचाया।
अस्पताल में डॉक्टरों ने जांच के बाद गुरप्रीत सिंह को मृत घोषित कर दिया। वहीं उसकी पत्नी बलविंद्र कौर को प्राथमिक उपचार के बाद गंभीर हालत में एलएनजेपी अस्पताल कुरुक्षेत्र रेफर कर दिया गया।
सहारनपुर से लौट रहे थे दंपती
परिजनों के अनुसार गुरप्रीत सिंह अपनी पत्नी के साथ सहारनपुर, उत्तर प्रदेश में रिश्तेदारी में गया था। दोनों रात को बाइक से वापस उमरी स्थित अपने घर लौट रहे थे। इसी दौरान निवारसी गांव के पास हादसा हो गया।
दो बेटों और पत्नी को पीछे छोड़ गया
गुरप्रीत सिंह अपने पीछे पत्नी और दो बेटों मनकीरत सिंह (17) और जसकीरत (15) को छोड़ गया। हादसे के बाद परिवार में मातम छा गया।
चालक मौके से फरार
हादसे के बाद ट्रैक्टर-ट्रॉली का चालक मौके से फरार हो गया। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और ट्रैक्टर-ट्रॉली को कब्जे में ले लिया। पुलिस ने मामला दर्ज कर पोस्टमॉर्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया। पुलिस फरार चालक की तलाश और पूरे मामले की जांच कर रही है।