सेक्टर-40 हनुमंत धाम में महिलाओं ने तैयार की सवा 12 फीट लंबी राखी, रुद्राक्ष से किया गया श्रृंगार
चंडीगढ़ के सेक्टर-40 स्थित हनुमंत धाम में महिलाओं ने एक महीने की मेहनत से भगवान हनुमान के लिए 12.25 फीट लंबी इको-फ्रेंडली राखी तैयार कर अर्पित की है।
चंडीगढ़: चंडीगढ़ के सेक्टर-40 स्थित हनुमंत धाम मंदिर में रक्षाबंधन के मौके पर अनोखा आयोजन हुआ. यहां महिलाओं ने मिलकर भगवान हनुमान के लिए सवा 12 फीट यानी करीब 12.25 फीट लंबी इको-फ्रेंडली राखी तैयार की. सुबह करीब 11:15 बजे विधि-विधान के साथ यह विशाल राखी हनुमान जी को अर्पित की गई.
एक महीने की मेहनत से तैयार हुई राखी: हनुमंत धाम की महिला समूह की सदस्यों ने करीब एक महीने तक मेहनत कर इस विशाल राखी को तैयार किया. इस बार राखी को खास बनाने के लिए इसमें रुद्राक्ष का भी इस्तेमाल किया गया. पारंपरिक धार्मिक सामग्री के साथ पर्यावरण को ध्यान में रखते हुए इसे तैयार किया गया.
रुद्राक्ष से सजाई गई विशाल राखी: इस विशाल राखी में रुद्राक्ष लगाए जाने से इसका धार्मिक स्वरूप और भी खास नजर आया. मंदिर पहुंचने वाले श्रद्धालुओं के लिए यह राखी आकर्षण का केंद्र रही. कई श्रद्धालुओं ने हनुमान जी को राखी अर्पित कर परिवार और देश की सुख-समृद्धि की कामना की. इस दौरान श्रद्धालुओं ने भी पूजा-अर्चना में हिस्सा लिया और हनुमान जी को राखी अर्पित की.
देश की सुख-समृद्धि की मांगी दुआ: महिला समूह की प्रधान नीना तिवारी ने कहा कि, “पिछले एक महीने से बहनें मिलकर इस राखी को तैयार कर रही थीं. इसके जरिए हमने हनुमान जी से सभी देशवासियों की सुख-समृद्धि और अच्छे स्वास्थ्य की कामना की है. हमारी प्रार्थना है कि भारत लगातार तरक्की करे और वीर हनुमान सभी देशवासियों की रक्षा करते हुए उन्हें सुख और सौभाग्य प्रदान करें.”
मंदिर में आकर्षण का केंद्र बनी राखी: रक्षाबंधन के इस आयोजन में बड़ी संख्या में श्रद्धालु मौजूद रहे. विशाल आकार और पारंपरिक सामग्री से तैयार की गई यह राखी मंदिर में खास आकर्षण बनी रही. महिलाओं की मेहनत से तैयार इस राखी ने धार्मिक आस्था के साथ पर्यावरण संरक्षण का संदेश भी दिया.