विधानसभा सत्र और कानून-व्यवस्था को लेकर अभय चौटाला ने कांग्रेस और बीजेपी पर साधे निशाने
हांसी पहुंचे इनेलो सुप्रीमो अभय चौटाला ने संगठन विस्तार, मेवात सम्मान दिवस और शिक्षा मंत्री महिपाल ढांडा के बयान को लेकर तीखी प्रतिक्रिया दी है।
हांसी: इनेलो सुप्रीमो अभय सिंह चौटाला गुरुवार को हांसी पहुंचे. यहां उन्होंने पार्टी के संगठन विस्तार, आगामी सम्मान दिवस और प्रदेश के राजनीतिक सहित सामाजिक मुद्दों को लेकर सरकार और कांग्रेस पर जमकर निशाना साधा. उन्होंने कहा कि, “इनेलो प्रदेशभर में लगातार सक्रिय है और कार्यकर्ताओं को संगठन को मजबूत करने के लिए जुटना चाहिए.”
9 सितंबर तक पूरा हरियाणा दौरे का दावा: अभय चौटाला ने बताया कि, “इनेलो अब तक प्रदेश के 50 विधानसभा क्षेत्रों में अपना दौरा पूरा कर चुकी है, जबकि करीब 40 विधानसभा क्षेत्र अभी शेष हैं. 9 सितंबर तक पूरे हरियाणा का दौरा पूरा कर लिया जाएगा.”
27 अगस्त को मेवात पहुंचने की अपील: अभय चौटाला ने कार्यकर्ताओं से 27 अगस्त को मेवात में आयोजित चौधरी देवीलाल के सम्मान दिवस कार्यक्रम में अधिक से अधिक संख्या में पहुंचने की अपील की. उन्होंने कहा कि, “कार्यकर्ता पूर्व उपप्रधानमंत्री चौधरी देवीलाल को श्रद्धांजलि दें और संगठन की ताकत दिखाएं. आने वाला समय इनेलो का होगा.”
महिपाल ढांडा पर अभय का तीखा हमला: शिक्षा मंत्री महिपाल ढांडा को लेकर सवाल पूछे जाने पर अभय चौटाला ने बेहद तीखी प्रतिक्रिया दी. जाट समाज को लेकर कथित आपत्तिजनक टिप्पणी का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा कि, “जिस व्यक्ति की बात की जा रही है, वह समाज पर कलंक है. किसी भी समाज के प्रति आपत्तिजनक भाषा का इस्तेमाल शर्मनाक है और सार्वजनिक जीवन में रहने वाले लोगों को अपनी भाषा की मर्यादा का ध्यान रखना चाहिए.”
काले कपड़ों में विधानसभा पहुंचने पर कांग्रेस को घेरा: विधानसभा सत्र के दौरान विपक्षी विधायकों के काले कपड़े पहनकर पहुंचने के सवाल पर अभय चौटाला ने कांग्रेस की भूमिका पर सवाल उठाए. उन्होंने कहा कि, “विपक्ष की सबसे बड़ी जिम्मेदारी जनता की आवाज उठाना और सरकार की गलत नीतियों व फैसलों को सदन में मजबूती से उठाना है. केवल विरोध जताने के बजाय विपक्ष को सदन में जनता से जुड़े मुद्दों पर सरकार से जवाब मांगना चाहिए.”
वॉकआउट को लेकर कांग्रेस पर निशाना: अभय चौटाला ने कहा कि, “कांग्रेस सदन में शोर-शराबा करने के बाद वॉकआउट कर अपनी जिम्मेदारी से बचने का प्रयास करती है. इनेलो के दो विधायक हैं और दोनों सदन की कार्यवाही समाप्त होने तक अपनी बात मजबूती से रखते हैं. इनेलो ने कानून-व्यवस्था के मुद्दे पर भी सरकार को घेरा और मुख्यमंत्री से जवाब मांगा, लेकिन जवाब संतोषजनक नहीं मिला.”
हुड्डा पर पुलिसकर्मियों को उकसाने का आरोप: पूर्व मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा को लेकर भी अभय चौटाला ने गंभीर आरोप लगाए. उन्होंने विधानसभा परिसर में पुलिसकर्मियों के साथ कथित धक्का-मुक्की और कोहनी मारने का आरोप लगाते हुए कहा कि, “यदि किसी वस्तु को सदन में ले जाने पर प्रतिबंध है तो उसे रोकना पुलिस की जिम्मेदारी है. उन्होंने पुलिसकर्मियों को उकसाकर माहौल खराब करने का प्रयास नहीं होना चाहिए.”
सिखों से जुड़े पर्चे के मामले में स्पीकर से संज्ञान की मांग: विधानसभा में सिखों से संबंधित पर्चा दिखाए जाने के मामले पर भी अभय चौटाला ने कहा कि, “विधानसभा अध्यक्ष को इस मामले का संज्ञान लेना चाहिए. इससे सिख समाज की भावनाओं को ठेस पहुंची है. इस मुद्दे पर हरियाणा ही नहीं, बल्कि दुनिया भर का सिख समाज विरोध कर सकता है.”
स्कूलों में वीडियो बनाने पर रोक को लेकर सरकार पर सवाल: सरकारी स्कूलों में बाहरी लोगों द्वारा वीडियो बनाकर स्कूल की गतिविधियों को रिकॉर्ड करने पर रोक के मुद्दे पर अभय चौटाला ने सरकार को घेरा. उन्होंने कहा कि, “स्कूलों में कैमरे लगे हुए हैं और स्कूल गांवों की जमीन पर बने हैं. सरकार लोगों को अपनी बात रखने से नहीं रोक सकती. यदि किसी बच्चे या अभिभावक को स्कूल से संबंधित शिकायत है तो उसे अपनी बात रखने का अधिकार है.”
संगठन मजबूत करने पर जोर: हांसी दौरे के दौरान अभय चौटाला ने लगातार कार्यकर्ताओं से संगठन को मजबूत करने और पार्टी के कार्यक्रमों में सक्रिय भागीदारी की अपील की. उन्होंने कहा कि, “प्रदेश के बाकी विधानसभा क्षेत्रों का दौरा पूरा करने के बाद संगठन को और मजबूती मिलेगी.”