भिवानी के पीजीटी फिजिक्स शैलेश कुमार को मिलेगा राज्य शिक्षक पुरस्कार, शिक्षा के क्षेत्र में किया है बेहतरीन काम
भिवानी जिले के लेघां स्कूल के फिजिक्स लेक्चरर शैलेश कुमार को हरियाणा राज्य शिक्षक पुरस्कार के लिए चुना गया है। जानिए उनकी उपब्धियां।
भिवानी। पीएमश्री राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय लेघां के पीजीटी फिजिक्स शैलेश कुमार को शिक्षा के क्षेत्र में नवाचार और समर्पण के लिए हरियाणा राज्य शिक्षक पुरस्कार के लिए चयनित किया गया है। शिक्षक के रूप में राष्ट्र निर्माण में उनके योगदान को शिक्षा विभाग के साथ-साथ समाज में भी अनुकरणीय माना गया है।
शैलेश कुमार के मार्गदर्शन में लेघां स्कूल ने अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पहचान बनाई। 2022 में यूएनडब्ल्यूजीआईसी सम्मेलन में उनके विद्यार्थियों के प्रोजेक्ट ने द्वितीय स्थान हासिल किया और लेघां हरियाणा का पहला सरकारी स्कूल बना। 2025 में वे एनसीईआरटी का स्वर्ण पदक और देश का पहला राष्ट्रीय समृद्धि अवॉर्ड पाने वाले पहले शिक्षक बने। हाल ही में उनके विद्यार्थियों के शोध गिरते भूजल स्तर और अमृत सरोवर योजना को ब्रिक्स सम्मेलन-2026 में आईआईटी तिरुपति में प्रस्तुत किया गया। अब तक वे करीब 4000 शिक्षकों को प्रशिक्षित कर चुके हैं। उनकी अटल टिंकरिंग लैब को दो बार राष्ट्रीय स्तर पर पहचान मिल चुकी है।