भिवानी के सीबीएलयू में राष्ट्रीय खेल दिवस पर उमड़े छात्र, कुलपति प्रो. दीप्ति धर्माणी ने की शिरकत

चौधरी बंसीलाल विश्वविद्यालय भिवानी में राष्ट्रीय खेल दिवस पर तीन दिवसीय खेल और योग उत्सव का शानदार शुभारंभ हुआ है।

भिवानी। चौधरी बंसीलाल विश्वविद्यालय में शुक्रवार को फिट इंडिया अभियान के तहत राष्ट्रीय खेल दिवस पर तीन दिवसीय उत्सव का शुभारंभ हुआ। ‘खेल से निर्माण चरित्र का, चरित्र से निर्माण राष्ट्र का’ थीम पर आयोजित यह उत्सव 28 से 30 अगस्त तक चलेगा।

कार्यक्रम का आयोजन कुलपति प्रो. दीप्ति धर्माणी के संरक्षण और डीन स्टूडेंट वेलफेयर डॉ. सुरेश मलिक के संयोजन में पुराने परिसर स्थित पार्क में किया गया। पहले दिन सुबह नौ से 10 बजे तक योगाभ्यास सत्र हुआ जिसमें विद्यार्थियों और कर्मचारियों ने बढ़-चढ़कर भाग लिया। दूसरे और तीसरे दिन शनिवार व रविवार को कबड्डी और रस्साकशी प्रतियोगिताएं आयोजित की जाएंगी। छात्र-छात्राओं की अलग-अलग टीमें इनमें प्रतिभा का प्रदर्शन करेंगी।

कुलपति प्रो. दीप्ति धर्माणी ने कहा कि राष्ट्रीय खेल दिवस महान हॉकी खिलाड़ी मेजर ध्यानचंद की जयंती पर मनाया जाता है। खेल जीवन में अनुशासन, एकता और स्वस्थ प्रतिस्पर्धा की भावना विकसित करते हैं। योग भारत की प्राचीन धरोहर है जो शरीर, मन और आत्मा को जोड़ता है। उन्होंने विद्यार्थियों से योग को दिनचर्या का हिस्सा बनाने और ‘फिट इंडिया, हिट इंडिया’ के संकल्प को साकार करने का आह्वान किया।

डीन स्टूडेंट वेलफेयर डॉ. सुरेश मलिक ने कहा कि विश्वविद्यालय का ध्येय केवल शैक्षणिक विकास नहीं, बल्कि विद्यार्थियों का सर्वांगीण विकास है। खेल और योग इसका अभिन्न अंग हैं। इस अवसर पर डॉ. ऋषि पाल, डॉ. मंजीत, डॉ. अनुराग, पीआरए कोऑर्डिनेटर ऋषि शर्मा, योग विभाग का स्टाफ और विद्यार्थी मौजूद रहे।
Leave A Reply

Your email address will not be published.