भारी-भरकम अजगर के रेस्क्यू से ग्रामीणों ने ली राहत की सांस, वन्यजीव विभाग ने सुरक्षित जंगल में छोड़ा
यमुनानगर के हैदरपुर गांव में खेतों के बीच 10 फीट लंबा अजगर मिलने से हड़कंप मच गया है। अजगर ने एक कुत्ते को निगल लिया था, जिसे वन्यजीव टीम ने सुरक्षित रेस्क्यू किया।
यमुनानगर: हैदरपुर गांव के खेतों में करीब 10 फीट लंबा अजगर मिलने से हड़कंप मच गया. अजगर ने करीब 20 किलो वजन के कुत्ते को निगल लिया था. खेतों में काम कर रहे मजदूरों की नजर अजगर पर पड़ी, तो उनके होश उड़ गए. सूचना मिलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण और वाइल्डलाइफ विभाग की टीम ने मौके पर पहुंची. कड़ी मशक्कत के बाद अजगर का सुरक्षित रेस्क्यू किया और उसे पास के जंगल में छोड़ दिया.
यमुानगर में अजगर मिलने से सनसनी: खेतों में काम कर रहे मजदूर जगदीश कुमार ने बताया कि “रोजाना की तरह हम खेत में काम कर रहे थे. अचानक उनकी नजर 10 फीट लंबे विशाल अजगर पर पड़ी. जिसका पेट फूला हुआ था. देख कर लगा रहा था कि अभी अजगर ने किसी का शिकार किया है. इसकी सचूना तुरंत गांव के सरपंच को दी. जिसके बाद वन्य विभाग को इसकी सूचना दी गई. उन्होंने आकर अजगर के पेट से करीब 20 किलो का कुत्ता निकाला.”
वन्यजीव की टीम ने किया रेस्क्यू: वन्यजीव विभाग की टीम ने सावधानी से अजगर का रेस्क्यू किया और उसके अंदर से कुत्ते को निकाला. इसके बाद टीम ने अजगर को सुरक्षित जंगल में छोड़ दिया. वन्य जीव कर्मचारी मोहित गुर्जर ने कहा कि “बारिश के मौसम में सांप और अजगर जैसे वन्यजीव खेतों और आबादी के आसपास दिखाई दे सकते हैं. ऐसे में लोगों को सतर्क रहना चाहिए. अगर कहीं भी सांप या अजगर दिखाई दे, तो उसके करीब जाने या उसे पकड़ने की कोशिश ना करें. तुरंत वन्यजीव विभाग को सूचना दें, ताकि वन्यजीव और लोगों दोनों को सुरक्षित रखा जा सके.”