मेजर ध्यानचंद जयंती पर खेलकूद प्रतियोगिताओं का आयोजन, टेबल टेनिस और दौड़ में छात्राओं का शानदार प्रदर्शन

भिवानी के राजीव गांधी महिला महाविद्यालय में राष्ट्रीय खेल दिवस पर विभिन्न खेल प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया, जिसमें छात्राओं ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया।

भिवानी। मेजर ध्यानचंद की जयंती एवं राष्ट्रीय खेल दिवस के अवसर पर राजीव गांधी राजकीय महिला महाविद्यालय भिवानी में आयोजित खेल प्रतियोगिताओं में बीए द्वितीय वर्ष की छात्रा दीपिका ने टेबल टेनिस में प्रथम स्थान हासिल किया जबकि 50 मीटर दौड़ में बीए द्वितीय वर्ष की सिमरन ने बाजी मारी।

महाविद्यालय परिसर में छात्राओं के लिए विभिन्न खेल गतिविधियों और प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की शुरुआत मेजर ध्यानचंद को श्रद्धांजलि अर्पित कर हुई।

छात्राओं के लिए 50 मीटर दौड़, रस्सी कूद, पिट्ठू, रस्साकशी और टेबल टेनिस प्रतियोगिताएं करवाई गईं। छात्राओं ने उत्साह और खेल भावना के साथ इनमें भाग लिया। कार्यकारी प्राचार्य एवं स्पोर्ट्स बोर्ड के संयोजक प्रोफेसर राजेश लांग्यान ने कहा कि राष्ट्रीय खेल दिवस युवाओं को खेलों के प्रति जागरूक करने और स्वस्थ जीवनशैली के लिए प्रेरित करने का अवसर है।

ये रहे प्रतियोगिताओं के परिणाम : टेबल टेनिस में बीए द्वितीय वर्ष की दीपिका प्रथम, बीएससी द्वितीय वर्ष की सृष्टि द्वितीय और बीए द्वितीय वर्ष की ध्वनिका तृतीय रहीं। 50 मीटर दौड़ में बीए द्वितीय वर्ष की सिमरन प्रथम, बीए द्वितीय वर्ष की बबली द्वितीय और बीए प्रथम वर्ष की काफी तृतीय रहीं। रस्सी कूद में बीए द्वितीय वर्ष की तनु प्रथम, बीए प्रथम वर्ष की तन्नु द्वितीय और बीए तृतीय वर्ष की नेहा तृतीय रहीं।

पिट्ठू में बीए द्वितीय वर्ष की सिमरन के नेतृत्व वाली टीम ए विजेता रही। रस्साकशी में बीए तृतीय वर्ष की मधु के नेतृत्व वाली टीम बी ने विजेता का खिताब अपने नाम किया।
Leave A Reply

Your email address will not be published.