गाजियाबाद विधायक को बम से उड़ाने की धमकी, रक्षाबंधन के दिन आया फोन

गाजियाबाद के लोनी विधायक नंदकिशोर गुर्जर को रक्षाबंधन पर फोन कर बम से उड़ाने की धमकी दी गई है। पुलिस ने केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

गाजियाबाद से लोनी विधायक नंदकिशोर गुर्जर को रक्षाबंधन के दिन फोन कर जान से मारने की धमकी देने का मामला सामने आया है। विधायक के मुताबिक, फोन करने वाले ने अभद्र भाषा का इस्तेमाल करते हुए घर में घुसकर बम से उड़ाने की धमकी दी। बार-बार फोन आने के बाद विधायक ने पुलिस को सूचना दी। मुकदमा दर्ज कर पुलिस जांच कर रही है।

लोनी विधायक ने बताया कि रक्षाबंधन के दिन उनके पास अनजान नंबर से फोन आया। उसने कहा कि वह घर में घुसकर उन्हें बम से उड़ा देगा। विधायक ने फोन करने वाले से उसका नाम पूछा, लेकिन वह अभद्र भाषा में धमकी देता रहा, जिसके विधायक ने फोन काट दिया।

कई बार फोन किया, धमकी भी दी

आरोप है कि इसके बाद भी कई बार फोन आया। फोन उठाने पर फिर उसी तरह की धमकी और अभद्र भाषा का इस्तेमाल किया गया। विधायक का आरोप है कि कॉल करने वाले के खिलाफ रंगदारी समेत अन्य आपराधिक मामले पहले से दर्ज हैं। उन्होंने कहा, मैंने एसीपी लोनी को इस बारे में बता दिया है। अभी जो जानकारी मिली है उससे पता चला है कि ये शख्स वसूली करता है और अपराधी है। उसके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। बीएनएस की धारा 351 (4) और 352 के तहत केस दर्ज कर दिया गया है।

सहायक पुलिस आयुक्त लोनी राम किशन ने बताया कि मामले में मुकदमा दर्ज कर लिया है। नंबर के आधार पर जांच कर जल्द मामले का खुलासा किया जाएगा।

Leave A Reply

Your email address will not be published.