सदन में आज पेश होंगे कई संशोधन विधेयक, वाटर प्रिवेंशन एक्ट लागू करने पर भी रहेगी नजर
हरियाणा विधानसभा का मानसून सत्र आज से शुरू हो रहा है। HKRN, चुलकाना धाम श्राइन बिल और कई नए विधेयकों पर सदन में चर्चा होगी।
चंडीगढ़: हरियाणा विधानसभा का मानसून सत्र आज दोपहर 2 बजे से शुरू होगा. सदन की कार्यवाही के पहले दिन प्रश्नकाल और शून्यकाल के साथ कई महत्वपूर्ण विधायी कामकाज भी निपटाया जाएगा. हालांकि, सबसे ज्यादा सियासी गर्मी हरियाणा कौशल रोजगार निगम (HKRN) के जरिए होने वाली ठेका भर्तियों को लेकर देखने को मिल सकती है.
HKRN पर घमासान के आसार: विपक्षी विधायकों ने HKRN की भर्ती प्रक्रिया में कथित धांधली, पारदर्शिता की कमी और ठेका कर्मचारियों के चयन को लेकर सरकार से जवाब मांगा है. भारत भूषण बत्रा, आफताब अहमद, गीता भुक्कल, अशोक अरोड़ा समेत 17 विधायकों ने इस मुद्दे पर ध्यानाकर्षण सूचना दी है. कांग्रेस विधायक आदित्य सुरजेवाला ने भी स्पष्टीकरण मांगने का नोटिस दिया है. ऐसे में सदन में सरकार और विपक्ष के बीच इस मुद्दे पर तीखी बहस होने के आसार हैं.
चुलकाना धाम के लिए बनेगा नया श्राइन बोर्ड? विधानसभा में आज ‘हरियाणा बाबा श्री खाटू श्याम चुलकाना धाम श्राइन बिल, 2026’ विचार और पारित कराने के लिए रखा जाएगा. चुलकाना धाम में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के पहुंचने को देखते हुए सरकार तीर्थस्थल के प्रबंधन और विकास के लिए अलग व्यवस्था बनाने जा रही है. प्रस्तावित कानून के जरिए मंदिर और तीर्थस्थल से जुड़े विकास कार्यों, सुविधाओं और व्यवस्थाओं को एक बोर्ड के अधीन लाने का रास्ता साफ होगा.
मानसून सत्र के दौरान आज कई संशोधन विधेयक हो सकते हैं पारित: नौ विधेयक पुनः स्थापित किए जायेंगे, जबकि चार विधेयक विचार तथा पारित करने के लिए रखे जाएंगे. पुनः स्थापित होने वाले नौ विधेयक.
- हरियाणा राज्य अल्पसंख्यक विधेयक 2026
- हरियाणा ग्राम शामलात भूमि (विनियम) संशोधन विधेयक 2026
- हरियाणा स्थानीय लेखा परीक्षा विधेयक 2026
- हरियाणा निजी विश्वविद्यालय (संशोधन) विधेयक 2026
- हरियाणा राज्य महिला आयोग (संशोधन) विधेयक 2026
- हरियाणा माल और सेवा कर (संशोधन विधेयक) 2026
- हरियाणा पंचायती राज (संशोधन) विधेयक 2026
- हरियाणा राज्य भौतिक चिकित्सा परिषद (निरसान) विधेयक 2026
- हरियाणा विधि अधिकारी ( विनियोजन ) संशोधन विधेयक 2026
विचार एवं पारित किए जाने वाले चार विधेयक:
- हरियाणा न्यायालय संशोधन विधेयक 2026
- हरियाणा नगरपालिका संशोधन विधेयक 2026
- हरियाणा नगर निगम संशोधन विधेयक 2026
- हरियाणा बाबा श्री खाटू श्याम चुलकाना धाम पूजास्थल विधेयक 2026
जल प्रदूषण कानून में बदलाव को मंजूरी की तैयारी: सदन में केंद्र के Water (Prevention and Control of Pollution) Amendment Act, 2024 को हरियाणा में लागू करने के लिए आधिकारिक प्रस्ताव भी लाया जाएगा. सरकार का तर्क है कि संशोधन का उद्देश्य छोटे और तकनीकी प्रकृति के अपराधों को आपराधिक श्रेणी से बाहर करना है. इससे कारोबार करने की प्रक्रिया आसान बनाने और आम लोगों के लिए अनुपालन का बोझ कम करने की दिशा में मदद मिलने की उम्मीद है.
अनुपूरक मांगों पर भी होगी चर्चा: वित्त मंत्री नेवा पोर्टल के माध्यम से वित्त वर्ष 2026-27 की अनुपूरक मांगों की पहली किस्त सदन में पेश करेंगे. इसके अलावा एस्टीमेट कमेटी की रिपोर्ट भी सदन के पटल पर रखी जाएगी. गृह, स्वास्थ्य, शिक्षा, ऊर्जा, लोक निर्माण विभाग और शहरी स्थानीय निकायों समेत कई महत्वपूर्ण विभागों से जुड़े बजट आवंटन और खर्च को लेकर सदन में चर्चा और मतदान होगा.