कट मारने पर बुजुर्ग और युवक ने की कैब चालक की धुनाई, सोशल मीडिया पर वीडियो वायरल
सोहना एलिवेटेड रोड पर कैब ड्राइवर के साथ मारपीट का मामला सामने आया है। सिविल ड्रेस में पुलिस कैप पहने शख्स ने बीच-बचाव किया।
गुड़गांव : सोहना एलिवेटेड रोड पर रोडरेज में एक बुजुर्ग और युवक ने कैब ड्राइवर की बीच रोड पर पिटाई कर दी। आरोप है कि कैब ड्राइवर ने युवक की गाड़ी के आगे से कट मार दिया था जिसके बाद युवक ने उसे राजीव चौक अंडरपास में प्रवेश करने के दौरान रोक लिया और उसकी जमकर पिटाई की। इसी दौरान एक अन्य कार से युवक सिविल ड्रेस में पुलिस की कैप लगाकर उतरा और उसने बीच बचाव कराया। इस दौरान सोहना एलिवेटेड रोड पर जाम की स्थिति बन गई। यह पूरा घटनाक्रम पास ही मौजूद एक अन्य कार में बैठे युवक ने कैमरे में रिकॉर्ड कर लिया और सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया।
बताया जा रहा है कि बादशाहपुर से राजीव चौक की तरफ आते हुए गाड़ियों के बीच कैब ड्राइवर द्वारा बेहद ही खतरनाक तरीके से गाड़ी चलाकर कट मारे जा रहे थे। यह बात एक कार सवार को नागवार गुजरी और उसने कैब ड्राइवर को रोक लिया और युवक व उसके साथ मौजूद बुजुर्ग ने कैब ड्राइवर की पिटाई शुरू कर दी। दोनों ने मिलकर कैब ड्राइवर को गाड़ी से बाहर खींचा और थप्पड़ मारने शुरू कर दिए। इसी दौरान एलिवेटेड रोड से गुजर रहे वाहन चालक रुककर यह नजारा देखने लगे जिसके कारण जाम लग गया।
सड़क पर हंगामा होते देख एक कार से सिविल ड्रेस में युवक उतरा और उसने पुलिस की टोपी लगाकर दोनों पक्षों को शांत कराया और युवक और बुजुर्ग से कैब ड्राइवर को बचाया। तस्वीरों में साफ दिखाई दे रहा है कि किस तरह से युवक कैप लगाकर आगे बढ़ता है और झगड़ा कर रहे दोनों युवक और बुजुर्ग से कैब ड्राइवर को बचाता है। वहीं, सोशल मीडिया पर इसका पूरी तरह से मजाक उड़ाया जा रहा है। पुलिस कैप लगाकर कार से उतरे युवक को किस तरह से लोगों ने असली पुलिसकर्मी समझ लिया और तुरंत ही सभी का गुस्सा शांत हो गया। अगर असली पुलिसकर्मी आ जाते तो क्या होता। वहीं, इस कृत्य ने जहां झगड़ा शांत कराया तो वहीं, पुलिस के लिए भी चुनौती है कि आखिर कोई भी पुलिस कैप लगाकर शहर में अपना रौब झाड़ सकता है और इससे पुलिस को भी कोई लेना देना नहीं है।