गाजियाबाद में शटर गिराकर जीजा पर चलाई गईं 5 गोलियां, तीन आरोपी गिरफ्तार
गाजियाबाद के ट्रोनिका सिटी थाना क्षेत्र में प्रापर्टी डीलर के दफ्तर में सालों ने जीजा को मारी गोली। बहन के उत्पीड़न का था विवाद।
गाजियाबाद जिले के ट्रोनिका सिटी थाना क्षेत्र में प्रापर्टी डीलर के दफ्तर में मंगलवार सुबह दो सालों और जीजा के बीच बहन के उत्पीड़न को लेकर कहासुनी हुई। आरोप है कि सालों ने दफ्तर का शटर बंद कर जीजा के साथ मारपीट कर करीब पांच राउंड फायरिंग की। फायरिंग में एक गोली जीजा के दाएं पैर में जा लगी। घटना के बाद फरार दोनों आरोपियों समेत तीन लोगों को देर शाम गिरफ्तार कर लिया गया।
पुलिस की सूचना पर परिजन ने घायल को निजी अस्पताल में भर्ती कराया। दिल्ली के सभापुर गांव में रहने वाले आकाश और विकास सगे भाई हैं। दोनों ट्रोनिका सिटी थाना क्षेत्र की रामपार्क कॉलोनी में प्रापर्टी खरीदने बेचने का काम करते हैं। उनका कॉलोनी में ही एक कार्यालय है। पुलिस के मुताबिक आकाश की बहन चंचल की शादी भजनपुरा में रहने वाले तरुण के साथ नौ वर्ष पूर्व हुई थी। आरोप है कि विवाह के बाद से ही चंचल को तरुण प्रताड़ित करता था। इसको लेकर आकाश और तरुण के बीच सोमवार रात को फोन पर कहासुनी हुई थी।
आकाश और विकास मंगलवार सुबह रामपार्क कॉलोनी स्थित दफ्तर पर थे। तरुण अपने चार साथियों के साथ कार्यालय पर पहुंचा। कार्यालय में जीजा और सालों में कहासुनी हुई। इसके बाद सालों ने जीजा के साथियों को कार्यालय से बाहर भेजकर शटर लगा दिया। इसके बाद दोनों ने जीजा के साथ मारपीट कर पिस्टल से करीब पांच राउंड फायरिंग की। फायरिंग में एक गोली तरुण के दाएं पैर की जांघ में जा लगी, जबकि अन्य चार गोलियां दुकान के शटर में लगी। गोली चलने की आवाज सुनकर आसपास के लोगों ने पुलिस को मामले की जानकारी दी। प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि उन्होंने आकाश और विकास को भागते हुए देखा है। बताया गया है कि घटना इनका चचेरा भाई भी शामिल था। साथियों ने घायल तरुण को कार्यालय से निकाला और उसे अस्पताल लेकर गए।
प्रभारी सहायक पुलिस आयुक्त लोनी अमरदीप मौर्य ने बताया कि आसपास के लोगों ने बताया कि आकाश और विकास ने फायरिंग की है। घटना में उनका चचेरा भाई भी शामिल था। घायल तरुण की हालत स्थिर है। पुलिस ने घटनास्थल से एक कारतूस और खोखे बरामद किए हैं। पुलिस आरोपियों के खिलाफ पूर्व में दर्ज मुकदमे की भी जानकारी ले रही है।
टीम ने साक्ष्य एकत्र किए
फायरिंग की सूचना पर फॉरेंसिक टीम ने घटनास्थल का मौका मुआयना कर कार्यालय के बाहर मिले खून के निशान समेत अन्य साक्ष्य एकत्र किए। पुलिस ने मौके से एक बाइक को कब्जे में लिया है। शुरुआती जांच में पता चला है कि जीजा और सालों के बीच कुछ समय पहले दिल्ली के सभापुर गांव में भी विवाद हुआ था। पीड़ित तरुण ने दिल्ली के सोनिया विहार थाने में दोनों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया था।
तीन आरोपी गिरफ्तार, पिस्तौल-कारतूस भी बरामद
घटना के बाद तरुण के परिजनों ने आकाश और विकास समेत तीन के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया। पुलिस ने मंगलवार रात घटना में शामिल आकाश और उसके चचेरे भाई शैलेंद्र उर्फ सागर उर्फ बुल्ली को गिरफ्तार किया है। इसके साथ ही घटना में प्रयुक्त पिस्तौल और कारतूस भी बरामद कर लिया है।