अभय चौटाला के निर्देश पर इनेलो ने दी बड़े आंदोलन की चेतावनी, 10 कर्मचारी नेता सस्पेंड

यमुनानगर में सफाई और अग्निशमन कर्मचारियों की हड़ताल जारी। 10 नेता सस्पेंड और 14 अनुबंध कर्मी टर्मिनेट। इनेलो ने किया समर्थन।

यमुनानगर : हरियाणा के सफाई और अग्निशमन कर्मचारियों की हड़ताल लगातार जारी है। इसी बीच यमुनानगर में इंडियन नेशनल लोकदल के राष्ट्रीय महासचिव प्रकाश भारती, इनेलो नेता हरिनारायण शर्मा ने यमुनानगर नगर निगम कार्यालय के सामने चल रहे धरने में अपने साथियों के साथ भाग लिया। इस अवसर पर उन्होंने कर्मचारियों की मांगों को जायज ठहराते हुए सरकार से तुरंत कर्मचारियों की सभी मांगे मानने की अपील की। प्रकाश भारती ने कहा कि इंडियन नेशनल लोकदल के राष्ट्रीय अध्यक्ष अभय चौटाला ने कर्मचारी हड़ताल के समर्थन का ऐलान किया है। उन्होंने कहा कि अभी तो इनेलो ने समर्थन का ऐलान किया है, अगर जल्दी ही सरकार ने कर्मचारियों की सभी मांगे नहीं मानी तो इंडियन नेशनल लोकदल पूरे हरियाणा में कर्मचारियों के समर्थन में आंदोलन करेगी।

10 कर्मचारी नेता सस्पेंड;14 अनुबंध कर्मी टर्मिनेट

अग्निशमन विभाग कर्मचारी यूनियन के प्रांतीय महासचिव गुलशन भारद्वाज ने बताया कि सरकार ने बीती रात कर्मचारी यूनियन के प्रधान राजेंद्र सिंह, महासचिव गुलशन भारद्वाज, कैशियर सुखदेव सिंह सहित 10 नेताओं को सस्पेंड करने के आदेश जारी किए हैं। वहीं अनुबंध आधार पर लगे 14 कर्मचारियों को टर्मिनेट करने के आदेश जारी किए हैं।

सरकार का अल्टीमेटम, 3 सितंबर तक ड्यूटी नहीं तो सेवाएं समाप्त

उन्होंने बताया कि सरकार ने एक चेतावनी पत्र भी जारी किया है कि अगर 3 सितंबर सुबह 9:00 बजे तक कर्मचारी ड्यूटी पर नहीं आए तो उन सब की सेवाएं समाप्त कर दी जाएगी। गुलशन भारद्वाज ने कहा कि कर्मचारी इन धमकियों से डरने वाले नहीं हैं, जब तक सरकार 13 मई के समझौते को लागू नहीं करती, कच्चे कर्मचारियों को पक्का नहीं किया जाता यह हड़ताल जारी रहेगी । सफाई विभाग के कर्मचारियों ने कहा कि हम अपनी मांगे लागू करवाने के लिए कोई भी कुर्बानी देने के लिए तैयार हैं।

कर्मचारियों का आंदोलन लगातार तेज होता जा रहा है, विभिन्न राजनीतिक दलों ने भी इन सफाई कर्मचारी व अग्निशमन कर्मचारियों की हड़ताल का समर्थन का ऐलान किया है। अब इंडियन नेशनल लोकदल ने एक कदम आगे बढ़ते हुए उनके समर्थन में पूरे हरियाणा में आंदोलन की चेतावनी दी है।

Leave A Reply

Your email address will not be published.