ग्रेटर नोएडा में 40 एकड़ भूमि कब्जा मुक्त, प्राधिकरण की सख्त कार्रवाई से भूमाफिया में हड़कंप

ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण ने अवैध निर्माण के खिलाफ कार्रवाई करते हुए 125 करोड़ की जमीन कराई कब्जा मुक्त। अवैध कॉलोनियों पर चला बुलडोजर।

ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण ने बुधवार को अवैध निर्माण के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की। ननवा का राजपुर और अटाई मुरादपुर में 62500 मीटर जमीन पर हो रहे अवैध निर्माण को बुलडोजर चलाकर ध्वस्त कर दिया। यहां पर अवैध कॉलोनी बसाने की कोशिश हो रही थी। इस जमीन की कीमत 125 करोड़ आंकी गई है।

ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण के सीईओ एनजी रवि कुमार ने बताया कि कॉलोनाइजर ननवा का राजपुर के खसरा संख्या-40 और 41 की 37500 वर्ग मीटर जमीन पर अवैध निर्माण कर कॉलोनी बसाने की कोशिश कर रहे थे। परियोजना विभाग के वर्क सर्किल-8 की टीम मौके पर पहुंचकर अतिक्रमण को ध्वस्त किया। इसी तरह अटाई मुरादपुर के खसरा संख्या-626 की 25 हजार वर्ग मीटर जमीन पर अतिक्रमण पर बुलडोजर चलाया गया। प्राधिकरण की टीमों ने दोनों जगह मिलाकर लगभग 62,500 वर्ग मीटर जमीन कब्जे से मुक्त कराया, जिसकी अनुमानित कीमत लगभग 125 करोड़ रुपये है।

गाढ़ी कमाई न फंसाएं

सीईओ ने कहा कि ग्रेटर नोएडा के अधिसूचित क्षेत्र में किसी भी व्यक्ति को अवैध निर्माण करने की इजाजत नहीं है। शहर में कहीं भी जमीन खरीदने से पहले प्राधिकरण से संपर्क कर पूरी जानकारी जरूर प्राप्त कर लें। उन्होंने अपील की है कि अवैध कॉलोनी में अपनी गाढ़ी कमाई न फंसाएं।

40 एकड़ भूमि कब्जा मुक्त कराई

प्राधिकरण ने बुधवार को इलाहबास में अवैध निर्माण पर कार्रवाई की। यहां करीब 40 एकड़ जमीन पर कब्जे के लिए हो रहे निर्माण को ध्वस्त किया। प्राधिकरण की टीम को लोगों के विरोध का भी सामना करना पड़ा। अधिकारियों ने बताया कि वर्क सर्किल-7 के अंतर्गत इलाहबास के खसरा नंबर-373, 374, 375, 376, 384, 385, 387, 388, 389, 390, 391, 410 एवं 412 खरीद-फरोख्त के लिए कुछ लोगों ने कार्यालय बना दिया था। इस कार्यालय को ध्वस्त किया गया। प्राधिकरण के ओएसडी क्रांति शेखर का कहना है कि अवैध कब्जों के खिलाफ अभियान जारी रहेगा।

Leave A Reply

Your email address will not be published.