मौसम विभाग की चेतावनी, 6 सितंबर तक सक्रिय रहेगा मानसून, जानिए अपने जिले का हाल
हरियाणा में मानसून फिर हुआ सक्रिय। पंचकूला, अंबाला और यमुनानगर में भारी बारिश का येलो अलर्ट जारी, जानिए मौसम का हाल।
चंडीगढ़: हरियाणा में आज से फिर मानसून एक्टिव होने जा रहा है. मौसम विभाग ने अगले तीन दिनों में प्रदेश के कई हिस्सों में अच्छी बारिश की संभावना जताई है. पंचकूला, अंबाला और यमुनानगर में भारी बारिश को लेकर यलो अलर्ट जारी किया गया है. वहीं कई जिलों में हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है. बारिश के कारण दिन के तापमान में गिरावट आने से लोगों को गर्मी से राहत मिलने की उम्मीद है.
मध्यप्रदेश के सर्कुलेशन से बढ़ेगी मानसूनी गतिविधियां: मौसम विभाग के अनुसार मध्यप्रदेश में नया चक्रवातीय सर्कुलेशन बना है. यह मानसूनी हवाओं को अपनी ओर खींच रहा है. इसके प्रभाव से हरियाणा में पश्चिमी और उत्तरी हवाओं का मेल हो रहा है. यही स्थिति प्रदेश में मानसूनी गतिविधियों को बढ़ाने में मदद कर सकती है. विभाग ने 6 सितंबर तक मानसून सक्रिय रहने की संभावना जताई है.
तीन जिलों में भारी बारिश का यलो अलर्ट: IMD ने आज पंचकूला, अंबाला और यमुनानगर में भारी बारिश की चेतावनी जारी की गई है. इसके अलावा सिरसा, हिसार, फतेहाबाद, जींद, भिवानी, रोहतक, झज्जर, चरखी दादरी, कैथल, महेंद्रगढ़ और रेवाड़ी में हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है. प्रदेश के बाकी हिस्सों में छिटपुट बूंदाबांदी के आसार हैं. IMD चंडीगढ़ के मुताबिक पंचकूला, अंबाला, यमुनानगर, कुरुक्षेत्र, कैथल और करनाल में अगले कुछ दिनों तक भारी बारिश हो सकती है. इन क्षेत्रों के लिए यलो अलर्ट जारी किया गया है. दक्षिण और पश्चिम हरियाणा के हिसार, सिरसा, फतेहाबाद, भिवानी, महेंद्रगढ़ और रेवाड़ी में हल्की या छिटपुट बारिश की संभावना है. 5 और 6 सितंबर को दक्षिण-पूर्वी जिलों में बारिश बढ़ सकती है.
हिसार सबसे गर्म: मानसून कमजोर रहने के कारण पिछले दिनों तापमान में बढ़ोतरी हुई है. हिसार 37.1 डिग्री सेल्सियस के साथ प्रदेश में सबसे गर्म रहा. वहीं पलवल में न्यूनतम तापमान 24.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो राज्य में सबसे कम रहा. अंबाला में 34.1, करनाल में 34.2, रोहतक में 31.9, गुरुग्राम में 32 और भिवानी में 35.5 डिग्री तापमान दर्ज हुआ.
अगस्त में सामान्य से 7 फीसदी कम बारिश: अगस्त में हरियाणा में सामान्य 146.1 मिमी के मुकाबले 135.4 मिमी बारिश हुई. यह पिछले तीन वर्षों में अगस्त की सबसे कम बारिश है. 1 जून से 31 अगस्त तक प्रदेश में 283.4 मिमी बारिश हुई, जबकि सामान्य आंकड़ा 349.9 मिमी है. नूंह में सामान्य से 25%, पलवल में 26%, गुरुग्राम में 17%, फरीदाबाद में 7% और भिवानी में 41% अधिक बारिश हुई. दूसरी ओर करनाल में 68%, जींद में 51%, कैथल में 49%, अंबाला में 37% और रोहतक में 19% कम बारिश दर्ज की गई.