हरिद्वार से पकड़े जाने के बाद भागने की कोशिश कर रहा था बदमाश, सीआईए-2 की कार्रवाई

कुरुक्षेत्र में पत्रकार से 2 लाख की लूट के मामले में पुलिस और बदमाशों के बीच मुठभेड़। मुख्य आरोपी के पैर में लगी गोली, गिरफ्तार।

कुरुक्षेत्र: सीआईए-2 टीम को एक बड़ी सफलता हाथ लगी है. बीती रात पुलिस ने पिहोवा में एक वरिष्ठ पत्रकार से ₹2 लाख की लूट करने वाले मुख्य आरोपी को मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार किया. भागने की कोशिश के दौरान पुलिस की ओर से की गई कार्रवाई में आरोपी के दाएं पैर में गोली लगी. घायल बदमाश को इलाज के लिए कुरुक्षेत्र के एलएनजेपी अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां पुलिस कस्टडी में उसका इलाज चल रहा है.

​पत्रकार से सुआ दिखाकर की थी लूट: सीआईए-2 के इंचार्ज मनदीप सिंह के अनुसार “दो दिन पहले पिहोवा में वरिष्ठ पत्रकार सतपाल सिंह से ₹2 लाख की लूट की गई थी. वारदात के दौरान बदमाशों ने पत्रकार को पीट कर और बर्फ तोड़ने वाले सुए से डराकर इस घटना को अंजाम दिया था. वारदात के बाद पुलिस की विभिन्न टीमों ने जांच शुरू की और त्वरित कार्रवाई करते हुए तीनों आरोपियों की पहचान की.​ मामले में शामिल आरोपियों की पहचान अभिषेक और अमित उर्फ अंकित (निवासी बालबेड़ा, कुरुक्षेत्र) तथा आशीष (निवासी हजवाना, कैथल) के रूप में हुई है. ये तीनों वर्तमान में पिहोवा में ही रह रहे थे.”

​हरिद्वार से गिरफ्तारी के बाद कुरुक्षेत्र लाते समय रचा भागने का नाटक: घटना को अंजाम देने के बाद तीनों आरोपी फरार होकर हरिद्वार में छिप गए थे. गुप्त सूचना के आधार पर कुरुक्षेत्र पुलिस की टीम ने हरिद्वार में दबिश देकर तीनों को धर दबोचा. जब पुलिस टीम तीनों को गाड़ी से कुरुक्षेत्र ला रही थी, तो कड़ामी गांव के पास आरोपी अभिषेक ने बाथरूम जाने का बहाना बनाया. ​जैसे ही दो पुलिसकर्मी उसे गाड़ी से नीचे उतारकर ले गए, उसने भागने का प्रयास किया. पुलिसकर्मियों द्वारा दी गई चेतावनी को अनदेखा कर जब वह भागता रहा, तो पुलिस ने उस पर गोली चलाई. गोली उसके दाएं पैर में लगी, जिसके बाद उसे काबू कर लिया गया.

आरोपियों पर पहले से दर्ज हैं 10 से अधिक मामले: सीआईए-2 इंचार्ज ने बताया कि पकड़े गए तीनों आरोपियों का आपराधिक रिकॉर्ड रहा है. इनके खिलाफ पहले से भी लूट और छीना-झपटी के लगभग 10 मामले दर्ज हैं.​पुलिस आरोपियों को अदालत में पेश कर पुलिस रिमांड पर लेगी, ताकि यह पता लगाया जा सके कि उन्होंने हाल के दिनों में अन्य किन-किन आपराधिक घटनाओं को अंजाम दिया है. मामले की गहन जांच जारी है.

Leave A Reply

Your email address will not be published.