Jewar Toll Plaza Relief for Locals: यमुना एक्सप्रेसवे पर 17 सितंबर तक कराएं रजिस्ट्रेशन, जानें किसे मिलेगी छूट
यमुना एक्सप्रेसवे पर जेवर के स्थानीय नागरिकों को टोल टैक्स से छूट। 17 सितंबर तक मैनेजर ऑफिस में कराना होगा रजिस्ट्रेशन।
यमुना एक्सप्रेसवे पर जेवर क्षेत्र के स्थानीय निवासियों को टोल टैक्स से छूट देने की प्रक्रिया शुरू हो गई है। इससे पात्र स्थानीय नागरिकों को जेवर से ग्रेटर नोएडा और आगरा के बीच आवागमन में सुविधा मिलेगी। 165 किलोमीटर लंबा यमुना एक्सप्रेसवे ग्रेटर नोएडा और आगरा को जोड़ता है। स्थानीय लोग पिछले 14 वर्षों से टोल टैक्स में छूट की मांग कर रहे थे। इसे लेकर किसान, सामाजिक प्रतिनिधि और किसान संगठन कई बार आवाज उठा चुके हैं।
जेवर से भाजपा विधायक धीरेंद्र सिंह ने बताया कि यमुना एक्सप्रेसवे औद्योगिक विकास प्राधिकरण (यीडा) और एक्सप्रेसवे का संचालन करने वाली कंपनी के अधिकारियों से कई दौर की वार्ता हुई। इसमें क्षेत्रवासियों की दैनिक आवागमन की समस्या, किसानों के योगदान और स्थानीय हितों को प्रमुखता से रखा गया। इसके बाद जेवर टोल प्लाजा पर प्रभावित एवं आसपास के पात्र गांवों के स्थानीय नागरिकों को टोल टैक्स से छूट देने का निर्णय लिया गया है।
17 तक रजिस्ट्रेशन
पात्र स्थानीय नागरिकों को स्थानीय निवासी प्रमाण, आधार कार्ड और वाहन की आरसी की कॉपी लेकर 17 सितंबर तक जेवर टोल प्लाजा के मैनेजर ऑफिस में अपने वाहन का रजिस्ट्रेशन कराना होगा। वेरिफिकेशन और रजिस्ट्रेशन पूरा होने के बाद निर्धारित व्यवस्था के तहत टोल मुक्त आवागमन की सुविधा मिलेगी।
किन गाड़ियों पर कितना टोल टैक्स
बता दें कि, यमुना एक्सप्रेसवे इंडस्ट्रियल डेवलपमेंट अथॉरिटी (YEIDA) की वेबसाइट पर मौजूद जानकारी के अनुसार यमुना एक्सप्रेसवे पर लगने वाला टोल टैक्स गाड़ी की कैटेगरी और जेवर, मथुरा और आगरा में टोल प्लाजा की जगह के हिसाब से अलग-अलग हैं। दो-पहिया, तीन-पहिया और ट्रैक्टर के लिए टोल टैक्स जेवर में 60 रुपये, मथुरा में 75 रुपये और आगरा में 70 रुपये है। वहीं कारों के लिए जेवर में 120 रुपये, मथुरा में 155 रुपये और आगरा में 140 रुपये का टोल टैक्स लगता है।
हल्के कमर्शियल वाहनों के लिए टोल टैक्स जेवर में 185 रुपये, मथुरा में 240 रुपये और आगरा में 220 रुपये है। बसों और ट्रकों को जेवर टोल प्लाजा पर 380 रुपये, मथुरा में 485 रुपये और आगरा में 445 रुपये का टोल टैक्स देना होता है।
यीडा की वेबसाइट के अनुसार, मल्टी-एक्सल गाड़ियों के लिए टोल टैक्स दरें जेवर में 580 रुपये, मथुरा में 740 रुपये और आगरा में 675 रुपये हैं। ओवरसाइज्ड गाड़ियों (OSV) पर सबसे ज्यादा टोल फीस लगती है, जिसके रेट जेवर में 745 रुपये, मथुरा में 955 रुपये और आगरा में 875 रुपये तय किए गए हैं।