बस स्टैंड के पास छात्र पर सामूहिक हमला करने वाले तीन आरोपी गिरफ्तार, हथियार बरामद
कुरुक्षेत्र बस स्टैंड के पास छात्र पर सामूहिक हमला करने वाले तीन आरोपी गिरफ्तार। पुलिस ने डंडा और चाकूनुमा हथियार किया बरामद।
कुरुक्षेत्र : कुरुक्षेत्र पुलिस ने सामूहिक हमला कर मारपीट करने के मामले में तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस चौकी सेक्टर-7 की टीम ने बड़तौली निवासी जशन तथा अंटेहड़ी निवासी रजत कुमार और रामदास को काबू किया है। पुलिस ने आरोपी जशन से वारदात में इस्तेमाल किया गया डंडा और रजत कुमार से चाकूनुमा लोहे का हथियार बरामद किया है।
बस में बैठने के बाद शुरू हुआ विवाद
पुलिस प्रवक्ता ने बताया कि कालवा माजरी निवासी अरमान ने पुलिस को दिए बयान में बताया कि वह आईटीआई उमरी में पढ़ाता है। 20 अगस्त 2026 को वह सुबह करीब 8 बजे घर से उमरी जाने के लिए निकला था। करीब 9 बजे जब वह कुरुक्षेत्र बस अड्डे से उमरी जाने वाली बस में बैठा तो उसका दोस्त पुष्प निवासी रामशरण माजरा भी वहां मिल गया।
कुछ देर बाद बड़तौली निवासी जशन ने अरमान के साथ गाली-गलौज शुरू कर दी और मारपीट करने लगा। डर के कारण अरमान बस स्टैंड के बाहर पार्क में जाकर बैठ गया।
डंडों और चाकूनुमा हथियार से किया हमला
शिकायत के अनुसार, इसके बाद जशन अपने चार साथियों के साथ हाथों में डंडे और चाकू लेकर पार्क में पहुंचा। आरोपियों ने अरमान के साथ डंडों से मारपीट की और चाकू से हमला किया। शोर मचाने पर आरोपी जान से मारने की धमकी देते हुए मौके से फरार हो गए।
घायल अरमान को इलाज के लिए सरकारी अस्पताल कुरुक्षेत्र में भर्ती कराया गया। उसकी शिकायत पर थाना शहर थानेसर में मामला दर्ज किया गया और जांच पुलिस चौकी सेक्टर-7 को सौंपी गई।
3 सितंबर को दबोचे आरोपी
पुलिस चौकी सेक्टर-7 प्रभारी पीएसआई अंकित के मार्गदर्शन में उप निरीक्षक जगमिंद्र सिंह और सहायक उप निरीक्षक हरप्रीत सिंह की टीम ने 3 सितंबर को तीनों आरोपियों जशन, रजत कुमार और रामदास को गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस ने आरोपी जशन की निशानदेही पर वारदात में इस्तेमाल डंडा तथा आरोपी रजत कुमार से चाकूनुमा लोहे का हथियार बरामद किया है। मामले में पुलिस की ओर से आगामी जांच और कानूनी कार्रवाई की जा रही है।