इलाज के दौरान अस्पताल से भागा कैदी सतेंद्र कुमार, जेल में आत्महत्या की कोशिश के बाद हुआ था भर्ती
कुरुक्षेत्र के LNJP अस्पताल के कैदी वार्ड से सतेंद्र कुमार नामक बंदी पुलिस को चकमा देकर फरार। तलाश जारी।
कुरुक्षेत्र : हरियाणा के कुरुक्षेत्र से चौंकाने वाली खबर सामने आई है. एलएनजेपी अस्पताल में उस समय हड़कंप मच गया. जब अस्पताल के कैदी वार्ड में एक उपचाराधीन बंदी पुलिस को चकमा देकर फरार हो गया. अस्पताल से भागते हुए उसकी फुटेज सीसीटीवी में कैद हो गई. आरोपी बंदी को पकड़ने के लिए पुलिस टीम सुबह से ही प्रयास कर रही है, लेकिन अभी तक उसको पकड़ने में सफल नहीं हुई.
कुरुक्षेत्र अस्पताल से बंदी फरार: अस्पताल से फरार हुए बंदी की पहचान 27 वर्षीय सतेंद्र कुमार के रूप में हुई है. जो बाबैन के पिंजु खेड़ा गांव का निवासी है. सतेंद्र के खिलाफ कुरुक्षेत्र के सदर थाने में 370 नंबर एफआईआर दर्ज हुई थी. इसने एक महिला के कान से बाली छीनी थी. जिसके चलते पुलिस ने इसको गिरफ्तार किया था, लेकिन कुरुक्षेत्र जेल में बंद 4 सितंबर को 1 बजकर 26 मिनट पर सुबह इसने जेल में सुसाइड करने की कोशिश की थी, जिसके बाद इसको इलाज के लिए कुरुक्षेत्र के एलएनजेपी अस्पताल में लाया गया था.
अस्पताल से भागते वक्त सीसीटीवी मेंं कैद, तलाश जारी: शनिवार सुबह करीब 5:30 बजे बंदी पुलिस की निगरानी में शौचालय गया. जब वो शौचालय में गया, तो किसी तरह निगरानी में तैनात पुलिसकर्मी को चकमा देकर फरार हो गया. जिसका सीसीटीवी फुटेज भी सामने आया है. आरोपी के खिलाफ पहले भी कई मामले दर्ज हैं. हालांकि पुलिस का अभी तक इस मामले पर कोई भी बयान सामने नहीं आया है. पुलिस आरोपी को पकड़ने के लिए प्रयास कर रही है.